लापरवाही से बढ़ा बरेली से अमरोहा तक खतरा, अंतिम संस्कार के बाद पता लगा संक्रमित थे बुजुर्ग तो दहले लोग
रविवार का दिन बरेली के लिए कई मनहूस खबरें एक साथ लेकर आया। पहली तो यह कि लगातार तीसरे दिन जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी रहा और एक साथ आठ मरीज मिलने से संक्रमितों की तादाद तीन दिन के छोटे से अंतराल में ही लगभग तीन गुना पर जा पहुंची। इन्हीं में से कई मामलों में सिस्टम की डरावनी किस्म की लापरवाही ने भी शहर को हिला दिया। एक कोरोना संक्रमित एक बुजुर्ग की मौत की खबर तब आम हुई जब कई दिन पहले ही उनका सामान्य ढंग से अंतिम संस्कार किया जा चुका था। लॉकडाउन- 4 में दी गई रियायतों के बाद जिस तरह जिले भर के बाजारों में भीड़भाड़ के साथ कोरोना के बढ़ते मामलों ने यह भी साफ जताया कि जिला अब सामुदायिक संक्रमण की कगार पर आ खड़ा हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साहूकारा इलाके के 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद अमरोहा ले जाकर उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया लेकिन अब पूरा शहर इस भयावह सवाल का सामना कर रहा है कि कोरोना के शक में जब उनका सैंपल लिया जा चुका था तो रिपोर्ट आने से पहले ही उनका शव उनके परिवार वालों को सौंपने का जोखिम क्यों उठाया गया। बहरहाल मृत्यु से पहले पीलीभीत रोड और स्टेडियम रोड के दो निजी अस्पतालों में भर्ती रहे इन बुजुर्ग के संपर्क में आए कितने लोगों में संक्रमण फैला, इसका पता लगाने की चुनौती से स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के चेहरों पर शिकन साफ दिख रही है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक साहूकारा में रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग किडनी की बीमारी से ग्रसित थे। तबीयत खराब होने पर पहले उन्हें पीलीभीत बाईपास पर किडनी का इलाज करने वाले एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन वहां भर्ती रहने के बाद बाद परिवार उन्हें स्टेडियम रोड पर दूसरे अस्पताल में ले आया था। यहां आने के बाद बुजुर्ग की हालत और बिगड़ी तो 20 मई को डॉक्टरों ने उनमें कोरोना संक्रमण की आशंका जताते हुए उनका सैंपल लेकर जांच कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग में आईडीएसपी को सौंपा था। सैंपल लेने के करीब 15 मिनट बाद ही बुजुर्ग की मौत हो गई।
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक बुजुर्ग की मृत्यु के बाद उनके परिवार के लोग लड़-झगड़कर उनका शव ले गए। रविवार को बुजुर्ग में कोरोना संक्रमण की पुष्टि करने वाली रिपोर्ट आने के बाद छानबीन की गई तो पता चला कि अस्पताल से घर ले जाने के बाद करीब घंटे भर तक बुजुर्ग का शव साहूकारा में ही उनके घर पर रखा गया था। उसके बाद उनका परिवार शव को यहां से किसी वाहन के जरिये अमरोहा में अपने पैतृक निवास स्थान पर ले गया जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। चार दिन बाद रविवार को आईवीआरआई से बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप मच गया।
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के कहने पर दिया था शव
आईसीएमआर की गाइड लाइन के मुताबिक बुजुर्ग का सैंपल लिया जा चुका था लिहाजा उनका शव रिपोर्ट आने से पहले उनके परिवार को नहीं सौंपा जा सकता था। लेकिन स्टेडियम रोड के जिस अस्पताल में वह भर्ती थे, उसके डॉक्टरों की सफाई है कि बुजुर्ग के घरवालों ने शव लेने के लिए हंगामा शुरू कर दिया था। इसके बाद उन्होंने जिला सर्विलांस अधिकारी को फोन कर मार्गदर्शन मांगा। जिला सर्विलांस अधिकारी को जब यह बताया गया कि बुजुर्ग की मौत किडनी फेल होने से हुई है और उनमें कोरोना के लक्षण नहीं दिख रहे हैं तो उन्होंने शव को पूरी तरह कवर करने के साथ परिवार को गाइडलाइन के तहत अंतिम संस्कार करने की हिदायत के साथ शव परिवार को दे देने को कह दिया। इसके बाद अस्पताल से बुजुर्ग का शव उनके परिवार को दे दिया गया।
एहतियातन लिया है सैंपल
जिला सर्विलांस अधिकारी/एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम का कहना है कि अस्पताल से उन्हें जानकारी दी गई थी कि बुजुर्ग की मौत किडनी फेलियर से हुई है और उनमें कोरोना के कोई लक्षण भी नहीं थे। डॉक्टरों ने बताया कि सिर्फ एहतियातन बुजुर्ग का सैंपल लेकर उन्होंने जांच के लिए भेजा है। इसीलिए कोविड-19 की गाइड लाइन के मुताबिक शव को पैक कर परिजनों को देने और उन्हें किस तरह अंतिम संस्कार करना है, इसके गाइडलाइन की जानकारी देने को कहा था। बुजुर्ग में कोरोना संक्रमण कहां हुआ, अब इसकी पड़ताल सर्विलांस टीम कर रही है।
दोनों अस्पतालों के डॉक्टरों के साथ पूरा स्टाफ क्वारंटीन
बुजुर्ग में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद दोनों निजी अस्पतालों में उनका इलाज करने वाले डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ के साथ बाकी सभी लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। बुजुर्ग अस्पतालों के जिन वार्ड में भर्ती थे, उन्हें सैनिटाइज भी कराया गया है। दोनों अस्पताल अब दावा कर रहे हैं कि इन्फेक्शन प्रिवेन्शन प्रोटोकॉल लागू होने की वजह से उन्होंने बुजुर्ग को कोविड-19 का संदिग्ध संक्रमित मानते हुए इलाज किया था।
संक्रमित प्रसूता का सिजेरियन किया और भर्ती कर दिया प्राइवेट वार्ड में
बरेली। कोरोना का साया सिर के ऊपर होने के बावजूद जिला महिला अस्पताल में भी बड़ी लापरवाही की गई। एक तरफ गर्भवती महिला को संदिग्ध संक्रमित मानते हुए उसका सैंपल लिया गया और दूसरी तरफ ऑपरेशन से उसका प्रसव करने के बाद उसे आइसोलेट करने के बजाय प्राइवेट वार्ड में भर्ती करा दिया गया। अब रिपोर्ट में महिला के पॉजिटिव निकलने के बाद स्टाफ के कई लोगों को क्वारंटीन होने के निर्देश दिए गए हैं।
गोंडा के सदानंद मोहल्ला में रहने वाली महिला 20 मई को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती हुई थी। वह पति के साथ दिल्ली से वापस लौट रही थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 20 मई को ही महिला को सिजेरियन के बाद बेटा पैदा हुआ। ट्रेवल हिस्ट्री होने की वजह से प्रसूता का सैंपल तो ले लिया गया लेकिन इसके बावजूद प्रसव के बाद उसे आइसोलेशन के बजाय प्राइवेट वार्ड में ही भर्ती कर लिया गया। रविवार को आईवीआरआई से आई रिपोर्ट में इस महिला को संक्रमित बताया गया तो पूरे जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया।
आशंका जताई जा रही है कि प्राइवेट वार्ड में भर्ती होने की वजह से शिफ्टों में ड्यूटी करने वाले कई डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और सफाईकर्मी समेत तमाम लोग संक्रमित प्रसूता के संपर्क में आए होंगे। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद रविवार को सभी को क्वारंटीन कर दिया गया। इस मामले में अफसर इस कदर तनाव में आ गए हैं कि महिला अस्पताल की सीएमएस ने रविवार को कई बार फोन करने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं की। बहरहाल आशंका जताई जा रही है कि प्रसूता दिल्ली में ही किसी संक्रमित के संपर्क में आने से संक्रमण का शिकार हुई होगी। महिला के पति को क्वारंटीन करने के बाद अब उसे भी मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया है।
संक्रमित महिला की देखभाल करने वाले स्टाफ के संपर्क में आए कई आम मरीज, जिला अस्पताल के लिए भी पैदा हुईं आशंकाएं
आशंका यह भी है कि संक्रमित महिला की देखभाल करने वाली डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के जरिये संक्रमण उन आम मरीजों तक भी पहुंच सकता है जो इस दौरान महिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे होंगे या फिर भर्ती रहे होंगे। हालांकि फिलहाल इस खतरे पर बात नहीं की जा रही है। महिला अस्पताल का स्टाफ पूरे जिला अस्पताल के लिए भी अब आशंका पैदा कर रहा है।
बाकी छह संक्रमित जयपुर और मुंबई से लौटे प्रवासी
साहूकारा के बुजुर्ग और गोंडा की रहने वाली प्रसूता के अलावा छह और संक्रमित मुंबई और जयपुर से लौटे प्रवासी हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फरीदपुर फरखपुर की संक्रमित मिली 50 वर्षीय महिला, 12 वर्षीय किशोरी और 35 वर्षीय युवक पहले संक्रमित मिले युवक के परिवार के सदस्य हैं। ये लोग पहले से ही क्वारंटीन थे। इनका सैंपल लेकर आईवीआरआई भेजा गया था। रामनगर सिरौली, मझगवां के अलीगंज और आंवला के रामनगर के रहने वाली तीनों युवक मीरगंज के खैलम और रामनगर के सिरौली के संक्रमित युवक के साथ मुंबई से वापस आए थे।
चार दिन बाद आईवीआरआई से मिली 272 सैंपल की रिपोर्ट
बरेली। रविवार को आठ संक्रमितों की रिपोर्ट आने के बाद फिर जांच में हो रही देरी पर सवाल खड़े कर दिए। स्वास्थ्य विभाग ने साफ तौर पर कहा कि रविवार को जिन नमूनों की रिपोर्ट मिली वे 19, 20 और 21 मई को लिए गए थे। अब भी इनमें से कुछ सैंपल की रिपोर्ट मिलनी बाकी हैं। स्वास्थ्य विभाग इसकी वजह से संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की संख्या भी ज्यादा होने की आशंका जता रहा है।
सैंपल की रिपोर्ट मिलने में हो रही देरी की वजह चाहे जो हो मगर इसका सीधा असर अब कोरोना के खतरे से जूझ रहे जिले पर पड़ता दिख रहा है। खतरा यह भी है कि रविवार को जिन संक्रमितों की रिपोर्ट मिली वे सभी एसिम्प्टोमैटिक हैं। स्वास्थ्य विभाग की सफाई है कि लक्षण न होने के कारण ही जिला महिला अस्पताल में भर्ती रही प्रसूता और साहूकारा के बुजुर्ग को संक्रमित नहीं माना गया और उनके आसपास आवाजाही जारी रही। यह भी आशंका जताई जा रही है कि समय से रिपोर्ट न मिलने की वजह से उनके संपर्क में आने वाला स्टाफ और परिवार के लोग भी अब तक तमाम लोगों के संपर्क में आ चुके होंगे।
स्वास्थ्य विभाग के आरोपों के मामले में आईवीआरआई का पक्ष जानने के लिए उसके नोडल अफसर और निदेशक को कई बार फोन करने के बावजूद उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। उधर, जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने साफ कहा कि रविवार को मिली सभी रिपोर्ट तीन से चार दिन पहले भेजे गए सैंपल की हैं। रिपोर्ट मिलने में देरी की क्यों हो रही है, इस पर उन्होंने जानकारी से इनकार कर दिया है।