सुभाष नगर पुलिया : रेलवे बताएगा.. ओवरब्रिज बनेगा या अंडरपास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुभाष नगर पुलिया पर रोजाना लगने वाले जाम से निजात पाने की तेज हो चली मांग के बीच मेयर ने स्मार्ट सिटी के अफसरों को पत्र लिखकर यहां ओवरब्रिज बनवाने की मांग उठाई है। पत्र के जवाब में स्मार्ट सिटी के अफसरों ने बताया कि ये जमीन रेलवे की है। लिहाजा उन्हीं से इस बात का तकनीकी पक्ष जाना जाएगा कि यहां ओवरब्रिज बन सकता है या अंडरपास। अगर अंडरपास के लिए सहमति बनती है तो इज्जतनगर की तर्ज पर यहां अडरपास का निर्माण कराया जाएगा।
सुभाष नगर पुलिया पर मेयर के पत्र जारी करने के बाद ओवरब्रिज और अंडरपास की संभावनाएं देखी जाने लगी है। स्मार्ट सिटी सीईओ अभिषेक आनंद ने बताया कि मेयर का पत्र मिला है। सुभाष नगर पुलिया रेलवे की जमीन है। इसलिए अब रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। उन्हीं के इंजीनियरों से राय ली जाएगी कि वहां ओवरब्रिज बन सकता है या अंडरपास। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे के अधिकारी इसकी मंजूरी देते हैं तो स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में इसे शामिल करने पर विचार किया जाएगा और स्मार्ट सिटी के सदस्यों के सामने इस प्रस्ताव को रखा जाएगा।
ओवरब्रिज बनने की संभावनाएं कम
निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सुभाष नगर पुलिया पर ओवरब्रिज बनने की संभावनाएं कम है। यहां यदि रेलवे की अनुमति मिली तो इज्जतनगर स्टेशन की तर्ज पर अंडरपास बनाने पर विचार किया जा सकता है। रेलवे लाइन निकले होने की वजह से यहां ओवरब्रिज की ऊंचाई अधिक रखनी पड़ेगी और इसके लिए यहां पर्याप्त जगह नहीं है। जिस कारण यहां ओवरब्रिज किसी भी हाल नहीं बन सकता है।