VIDEO: गुरु से माफी पर भड़का छात्र, पुलिस चौकी में दरोगा और सिपाही को जड़े थप्पड़; गिरफ्तार
बहेड़ी के एक इंटर कॉलेज के शिक्षक कुलदीप सिंह ने किसी बात को लेकर छात्र रोहित की पिटाई कर दी थी। इससे नाराज रोहित ने अपने साथियों संजय और अमित के साथ मिलकर उनई मकरूका गांव के पास शिक्षक कुलदीप को घेर लिया। छात्रों ने शिक्षक के साथ मारपीट की। मामला पुलिस चौकी पर पहुंची। पुलिस ने छात्रों को शिक्षक से माफी मांगने के लिए कहा। इस पर एक छात्र भड़क गया। उसने दरोगा और सिपाही को भी पीट दिया।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी में शिक्षक के थप्पड़ मारने से नाराज छात्र ने साथियों को जुटाकर उनकी पिटाई कर दी। समझौते के दौरान माफी मांगने से इन्कार करते हुए चौकी प्रभारी और सिपाही को भी थप्पड़ जड़ दिए। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से उत्तेजित छात्रों ने चौकी समेत वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को फूंकने की धमकी भी दी। पुलिस ने दो मामले दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इलाके के एक इंटर कॉलेज के शिक्षक कुलदीप सिंह ने पढ़ाई न करने पर छात्र रोहित को थप्पड़ मार दिया था। इससे नाराज रोहित ने अपने साथियों संजय गुर्जर और अमित गुर्जर के साथ शनिवार दोपहर बाद कुलदीप सिंह को उनई मकरूका गांव के पास घेरकर पीट दिया। आरोप है कि शिक्षक के साथ मौजूद दो शिक्षिकाओं से छेड़खानी भी की। तीनों शिक्षक शिकायत करने आरोपी छात्रों के घर गए तो उनके परिजनों ने छात्रों को डांटने के बजाय उनको ही बुरा-भला कहा।
इसके बाद शिक्षक नारायण नगला चौकी पर पहुंचे और तहरीर दी। चौकी प्रभारी अंकित बघेल ने छात्रों व उनके अभिभावकों को बुलवाया। वहां समझौतानामा तैयार किया गया। हस्ताक्षर से पहले चौकी प्रभारी अंकित बघेल और सिपाही कपिल ने छात्रों से शिक्षक के पैर छूकर माफी मांगने के लिए कहा। रोहित ने माफी मांग ली लेकिन संजय ने मना कर दिया।
पुलिस ने आरोपी संजय को पकड़ा
सिपाही कपिल और हेड कांस्टेबल उमेंद्र ने संजय को जबरन झुकाने का प्रयास किया तो उसने कपिल को तीन थप्पड़ मारे। चौकी प्रभारी आगे बढ़े तो संजय ने उनको भी थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान अन्य आरोपी छात्र वहां से भाग गए, लेकिन पुलिस ने संजय को पकड़ लिया। कुलदीप सिंह की तहरीर पर तीनों छात्रों व उनके परिजनों समेत दस लोगों के खिलाफ दो रिपोर्ट दर्ज की गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस चौकी पहुंचे छात्र पहले आपस में भिड़े और बीच-बचाव करने पर पुलिसकर्मियों से मारपीट करने लगे। आरोपियों के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। एक छात्र गिरफ्तार है। बाकी की तलाश की जा रही है।
'कॉकरोच जनता पार्टी' के आंदोलन से प्रभावित था छात्र
पुलिस के मुताबिक, बीए का छात्र संजय दिल्ली में हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शनों के वीडियो नियमित रूप से देखता था, जिसके कारण वह काफी उत्तेजित मानसिकता में था। पुलिस का दावा है कि संजय ने चौकी में दरोगा से कहा था कि 'धारा में मुकदमा होगा' और उसने चौकी फूंक देने की धमकी भी दी। पुलिस पर हमला करने के बाद भी उसमें कोई पछतावा नहीं दिखा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.