बरेली में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 11वीं के छात्र की मौत, दूसरा गंभीर घायल
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में रामपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे एक छात्र की मौत हो गई। दूसरा गंभीर घायल हो गया। 11वीं के छात्र कोचिंग के लिए घर से निकले थे, लेकिन कोचिंग नहीं पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में रामपुर हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक विपरीत दिशा में आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। पुलिस उसके बारे में पता लगा रही है।
पुलिस के मुताबिक इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर हाकिंस निवासी 16 वर्षीय भीमसेन व लव सीबीगंज में कटियार कोचिंग में पढ़ते थे। दोनों छात्र मंगलवार को कोचिंग नहीं आए थे। बताया जाता है कि दोनों छात्र बाइक लेकर तेज गति से मथुरापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मदरसे के पास ट्रैक्टर ट्रॉली विपरीत दिशा से आकर सड़क पार कर रही थी।
टक्कर से चकनाचूर हुई बाइक
अचानक ट्रैक्टर सामने आने से बाइक अनियंत्रित हो गई और ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में भीमसेन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सीबीगंज सुरेश चन्द्र गौतम पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। घायल लव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कोचिंग संचालक राजीव का कहना है कि भीमसेन 11वीं का छात्र था। लव भी उसी के साथ पढ़ता है। मंगलवार को दोनों कोचिंग पढ़ने नहीं आए थे। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अयान निवासी बंडिया सीबीगंज मौके से फरार हो गया।