बरेली में हादसा: जल जीवन मिशन के ओवरहेड टैंक की सीढ़ियां ढहीं, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर घायल
शेरगढ़ क्षेत्र के बकैनियां बीरपुर गांव में सोमवार सुबह निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक की सीढ़ियां ढह गईं। इससे मजदूर वरुण (20) की मौत हो गई, एक अन्य मजदूर घायल हो गया। ग्रामीणों ने घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के विकासखंड शेरगढ़ की ग्राम पंचायत बकैनियां बीरपुर में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक की सीढ़ियां सोमवार सुबह ढह गईं। इसके मलबे में दबने से वरुण (20) समेत दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को निकाला गया। ठेकेदार ने उनको एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल भेजा। वहां वरुण की मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में 22 फरवरी 2023 से ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू हुआ। इसका निर्माण एनसीसी लिमिटेड की ओर से ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। सोमवार सुबह 10:00 बजे पांच मजदूर टंकी पर काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मजदूर बिना सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे थे। बारिश में भी मजदूरों से काम कराया गया।
काम के दौरान टंकी की सीढ़ियां ढह गईं। इसके मलबे में दबने से नवाबगंज के वरुण, कुडरिया खुर्द के गजेंद्रपुरी और हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ध्वस्त होने की आवाज पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मजदूरों को आनन-फानन में मलबे से निकाला। ठेकेदार ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को बरेली के निजी अस्पताल भेजा। अन्य तीन मजदूर भी एंबुलेंस में साथ गए।
निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप
ग्राम प्रशासक महेंद्र पाल वर्मा ने टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और जांच की मांग की। ग्रामीण प्रेमशंकर, अमित, रामप्रकाश, अनुज, मोहित, रामचरनलाल आदि ने बताया कि तेज हवा चलने पर निर्माणाधीन टंकी हिलती है। चौकीदार को मेहनताना नहीं मिला है। टंकी के ढांचे के कभी भी गिरने की आशंका है, जो हादसे का कारण बन सकता है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद अबतक पीने के लिए पानी नहीं मिल सका है। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मीरगंज की एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक सीढ़ियां ढहने के संबंध में जांच कराई जाएगी। निर्माण की गुणवत्ता भी जांची जाएगी। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या मानकों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिवार की सहायता कराई जाएगी।
कहा था मौसम साफ होने पर जाना...
गांव के साथियों संग निकले वरुण (20) की मौत की सूचना से परिजन स्तब्ध हैं। गांव ईधजागीर के वरुण गांव के जितिन कुमार, हीरालाल, शाहिल के साथ मीरगंज के बकैनिया बीरपुर गांव में बन रही टंकी पर शटरिंग का काम करने गए थे। चचेरे भाई अधिवक्ता कुंवरसेन गंगवार ने बताया कि रविवार को टंकी की सीढ़ियों के मलबे में वरुण और हीरालाल दब गए थे।
उपचार के दौरान वरुण ने दम तोड़ दिया। गनीमत है कि जितिन और शाहिल सुरक्षित हैं। वरुण की मौत से मां पुष्पा देवी, भाई राहुल और पिता डोरीलाल बेहाल हैं। मां बार-बार कह रही हैं कि बेटे से कहा था कि मौसम साफ होने पर काम पर जाना लेकिन वह नहीं माना... लौटकर नहीं सका। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।