Bareilly News: इंस्पेक्टर क्राइम और दो सिपाही निलंबित, इस मामले में एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई
Bareilly News: बरेली के देवरनियां थाने के इंस्पेक्टर क्राइम को बीमार सिपाही को अश्लील सलाह देना भारी पड़ गया। जिन सिपाहियों ने बातचीत का ऑडियो वायरल किया। उन पर भी कार्रवाई हुई है।
विस्तार
बरेली में एसएसपी ने देवरनियां थाने के इंस्पेक्टर क्राइम मुकेश कुमार समेत सिपाही अंकित कुमार और मयंक सिरोही को निलंबित कर दिया है। फोन कॉल पर अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने और उसका ऑडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के मामले में इनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
बीते दिनों देवरनियां थाने के सिपाही सुरेंद्र कुमार को डेंगू हो गया था। इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के कहने पर सिपाही अंकित कुमार ने अपने मोबाइल फोन से कॉल करके उनकी सुरेंद्र से बात कराई थी। बातचीत के दौरान इंस्पेक्टर ने कई अमर्यादित शब्द भी कहे थे। बाद में सिपाही अंकित और मयंक ने इस ऑडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया। इससे यह ऑडियो वायरल हो गया और पुलिस की काफी किरकिरी हुई। एसएसपी अनुराग आर्य ने इसे गंभीरता से लेते हुए तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
किला थाना का दरोगा भी निलंबित
हाईकोर्ट की रोक के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने वाले किला थाने के दरोगा राजेंद्र सिंह को एसएसपी अनुराग आर्य ने निलंबित कर दिया है। दरोगा पहले भी विवादों में रहा है। किला थाने में राजा नाम के व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज है। उसने वकील के जरिये हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले लिया था। स्टे की कॉपी पुलिस और दरोगा को भी उपलब्ध करा दी गई थी। इसके बाद भी दरोगा राजेंद्र ने राजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।