Bareilly News: गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में सपा नेता ने दुकानदार को पीटा, नाले में फेंका
बरेली में एक दुकानदार ने सपा नेता मोहसिन रजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि मोहसिन रजा ने उनकी पिटाई की और उठाकर नाले में फेंक दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बरेली में सात-आठ दिन पहले गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के बाद सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मोहसिन रजा ने बुधवार सुबह दुकानदार को सड़क पर गिराकर पीट दिया। आरोप है कि उसे उठाकर आठ फुट गहरे नाले में फेंक दिया। बमुश्किल उसकी जान बची। पीड़ित की तहरीर पर बारादरी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परचून दुकानदार फहीम ने पुलिस को बताया कि सतीपुर चौराहे के पास उनकी दुकान है। सात-आठ दिन पहले उनके बेटे की मोहसिन से गाड़ी खड़ी करने को लेकर कहासुनी हो गई थी। बुधवार सुबह मोहसिन अपने साले के साथ उनकी दुकान पर आया। आरोप है कि उसने फहीम को दुकान से सड़क पर खींच लिया। पहले लात-घूंसों से पीटा और बाद में नाले में फेंक दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। दो दिन पहले भी मोहसिन ने जान से मारने की धमकी दी थी।
इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि सप्ताह भर पहले मोहसिन और फहीम के बीच विवाद हुआ था। दोनों में लिखित समझौता करा दिया गया था। बुधवार को मोहसिन ने फिर से हमला कर दिया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। घायल का मेडिकल कराया गया है।
संपत्ति के विवाद में बड़े भाई ने अपने बेटे के साथ मिलकर छोटे भाई को पीट दिया। बीच बचाव कराने पर मां को भी घायल कर दिया। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर निवासी शांति देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है। उनके चार बेटों में देवकी नंदन पिछले काफी दिनों से संपत्ति बेचने को लेकर उस पर दबाव बना रहा है। पिछले दिनों गिरने से उनका कूल्हा टूट गया था। इससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं।
मंगलवार को देवकी नंदन संपत्ति को लेकर उनसे झगड़ रहा था। छोटे बेटे चेतन प्रकाश ने बचाव किया तो देवकी नंदन ने अपनी पत्नी शालिनी और बेटे वंश के साथ मिलकर चेतन को पीट दिया। बीच बचाव कराने पर मां शांति देवी को भी घायल कर दिया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
युवक को पीटा, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
कोतवाली क्षेत्र के बाग ब्रिगटान निवासी यामीन कुरैशी ने संतोष व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने इंस्पेक्टर कोतवाली सुरेश गौतम को बताया कि 15 फरवरी की दोपहर दो बजे वह केके हाॅस्पिटल के सामने गली से लकड़ी लेकर गुजर रहा था। उसके साथ प्रेम नगर का एक साथी भी था। इसी दौरान संतोष व दो अन्य लोगों ने उसे घेरकर पीट दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर कोतवाली सुरेश गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।