मां की दूसरी शादी बर्दाश्त न कर सका बेटा: पति की हत्या के बाद की दूसरी शादी, वियोग में बेटे ने की आत्महत्या
पुलिस के अनुसार, 2019 में लखीमपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत ओमकार की मैगलगंज में हत्या कर दी गई थी। उसकी जगह पर बहू अनीता ने सरकारी नौकरी प्राप्त कर ली और दूसरी शादी कर ली।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के गांव बरतारा निवासी ओमकार के पुत्र आयुष गौतम (17) ने मां के वियोग में मकान के स्टोर में रस्सी के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी। वह विनोबा सेवा आश्रम इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था। आयुष की मां पति की मौत के बाद से बेटों को छोड़कर दूसरी शादी कर अलग रहने लगी थी। मृतक के बाबा रामसरन ने बहू अनीता देवी के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
सोमवार को सुबह आठ बजे रामसरन खेत पर गए हुए थे। घर में अकेले आयुष गौतम ने मकान के स्टोर में जाकर फंदे से लटककर जान दे दी। दोपहर तक आयुष का कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों को चिंता हुई। उसकी तलाश शुरू की गई। इस बीच स्टोर में उसका शव लटकता देखकर परिजनों की चीख निकल गई।
सूचना पर रोजा इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, 2019 में लखीमपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत ओमकार की मैगलगंज में हत्या कर दी गई थी। उसकी जगह पर बहू अनीता ने सरकारी नौकरी प्राप्त कर ली और दूसरी शादी कर ली। वह बेटी को साथ लेकर चली गई। तीन बेटों को मायके में छोड़ गई थी। आयुष अपनी मां की याद में गुमसुम रहता था। इसी वियोग में उसने फंदे से लटककर जान दे दी।
खर्च के लिए फैमिली कोर्ट में डाला था वाद
रामसरन ने बताया कि अनीता अपने बेटे आलोक, आयुष व आशीष को छोड़कर लोदीपुर स्थित किराये के मकान में रहने लगी थी। सरकारी नौकरी प्राप्त करने के बाद भी तीनों बच्चों को खर्च नहीं दे रही थी। बच्चों ने अपनी मां अनीता देवी के खिलाफ फैमिली कोर्ट में वाद दायर किया था। इसके बाद गुजारा का 27 हजार रुपये अनीता ने दिया था।
रामसरन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बच्चे अपनी मां के साथ जाने की जिद कर रहे थे, लेकिन उसने मना कर दिया। अनीता ने कचहरी में बच्चों से कहा था कि जहर खा लो या फांसी लगाकर मर जाओ, हमें कोई मतलब नहीं है। हमने दूसरी शादी कर ली। मां की बात को सुनकर आयुष उदास हो गया और गुमसुम रहने लगा था।