Bareilly News: कोयला भरी मालगाड़ी की तीन बोगियों की आग लगी, रेल यातायात रहा प्रभावित
मुरादाबाद की ओर जा रही कोयला भरी मालगाड़ी के तीन डिब्बों में आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी होने पर नगरिया सादात स्टेशन पर लूप लाइन पर मालगाड़ी को रोका गया। इसके बाद आग बुझाई गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली से मुरादाबाद की ओर जा रही कोयला भरी मालगाड़ी की तीन बोगियों में शुक्रवार सुबह आग लग गई। मालगाड़ी को नगरिया सादात में रोक कर आग बुझाई गई। इस दौरान पीछे आ रही गरीब रथ एक्सप्रेस और अवध-असम एक्सप्रेस को रास्ते में रोकना पड़ा। एक मालगाड़ी को जंक्शन और एक को रसुइया स्टेशन के सास ठहराव देना पड़ा। करीब एक घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा।
शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मुरादाबाद की ओर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी की तीन बोगियों में धुआं उठ रहा है। जब तक सूचना आई तब तक मालगाड़ी बरेली जंक्शन पार कर चुकी थी। नगरिया सादात स्टेशन पहुंचने से पहले धुआं तेज हो गया।
ये ट्रेनें हुई प्रभावित
इस दौरान कंट्रोल रूम की सूचना पर नगरिया सादात स्टेशन पर फायर ब्रिगेड बुलाकर आग बुझाने के इंतजाम पहले से कर लिए गए। मालगाड़ी को नगरिया सादात स्टेशन पर रोक लिया गया। पीछे आ रही 12203 गरीब रथ एक्सप्रेस और 15909 असम-अवध एक्सप्रेस को बीच के स्टेशनों पर रोक दिया गया। कोयला भरी एक मालगाड़ी को जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो और एक को रसुइया स्टेशन पर रोकना पड़ा। नगरिया सादात स्टेशन पर मालगाड़ी को लूप लाइन पर लेने के बाद रेल ट्रैक क्लियर किया गया।
एक घंटे में बुझाई जा सकी आग
कोयला भरी तीनों बोगियों की आग बुझाने में एक घंटे से ज्यादा समय लगा। आग लगने का कारण चक्का जाम होने से हॉट एक्सल, ओएचई से निकली चिंगारी या फिर कोयले में घर्षण को माना जा रहा है। मामले में जांच कैरिज एंड बैगन (सी एंड डब्ल्यू) विभाग को दी गई है। स्टेशन अधीक्षक रफी अहमद ने बताया कि एक घंटे के बाद मालगाड़ी को मुरादाबाद की ओर रवाना कर दिया गया।