Bareilly: दिखाएं मतदान का निशान, चिकित्सक देंगे निशुल्क परामर्श, पर्चे पर लगा रहे मतदाता जागरूकता की मुहर
बरेली में रविवार को अमर उजाला कार्यालय परिसर में आयोजित संवाद में शहर के प्रमुख चिकित्सकों ने बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है। इसका प्रयोग हर हाल में करना चाहिए।
विस्तार
बरेली में लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए शहर के चिकित्सक भी सहभागिता निभा रहे हैं। आईएमए की पहल पर चिकित्सकों ने अभियान शुरू किया है। कोई निशुल्क परामर्श का ऑफर दे रहा है तो कोई मतदान नहीं करने पर अस्पताल कर्मियों के आकस्मिक अवकाश काटने की बात कह रहा है। चिकित्सक ओपीडी में मरीजों व तीमारदारों को मतदान के लिए जागरूक कर रहे हैं। पर्चे पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए मुहर लगा रहे हैं।
रविवार को अमर उजाला कार्यालय परिसर में आयोजित संवाद में शहर के प्रमुख चिकित्सकों ने बेबाकी से अपनी राय रखी। कहा कि राशन की दुकान, टिकट खिड़की, रेस्टोरेंट, होटलों में लोग घंटों इंतजार कर लेते हैं लेकिन मतदान की कतार में चंद मिनट खड़े नहीं होते। मतदान हमारा अधिकार है। इसका प्रयोग हर हाल में करना चाहिए। हमारे मत से ही देश को दिशा देने वाली सरकार बनेगी। विकास और रोजगार की बात होगी। जो मतदान नहीं करते, उन्हें सरकार पर सवाल उठाने का हक भी नहीं है।
दंत चिकित्सक डॉ. अनूप आर्य ने बताया कि सात मई को क्लीनिक में आने वाले जो लोग अंगुली पर मतदान का निशान दिखाएंगे, उनको निशुल्क परामर्श दिया जाएगा। डॉ. रवि मेहरा ने बताया कि उन्होंने अपने अस्पताल के कर्मचारियों को हिदायत दे रखी है कि सात मई को जो मतदान किए बिना आएगा, उसके दो सीएल (आकस्मिक अवकाश) काट लिए जाएंगे।
डॉक्टरों को भी किया जागरूक
उत्तर प्रदेश चिकित्सा आयोग के सदस्य डॉ. प्रमेंद्र महेश्वरी ने बताया कि कई बार डॉक्टर भी मतदान के प्रति उदासीन होते हैं। उनको जागरूक करने के लिए बरेली मंडल समेत अन्य जिलों का भ्रमण किया। डॉक्टरों को खुद मतदान करने के साथ ही मरीज-तीमारदारों को प्रेरित करने की सलाह दी। डॉ. कौशल किशोर ने मतदाता जागरूकता संबंधी पंक्तियां साझा कीं।
90 फीसदी मतदान जरूरी
चिकित्सकों ने कहा कि सर्वाधिक मतदान वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जाने चाहिए। लोकतंत्र की बेहतरी के लिए 90 फीसदी मतदान जरूरी है। लोगों से अपील की कि वे खुद और अपने पड़ोस के लोगों का वोट जरूर डलवाएं ताकि इस लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
ये रहे मौजूद
आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, डॉ. सुदीप सरन, डॉ. आरके सिंह, डॉ. अमित खन्ना, डॉ. अनुपम शर्मा, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. कपिल अग्रवाल, डॉ. सुनैना अग्रवाल, डॉ. राजीव, डॉ. मोहित अग्रवाल, डॉ. हिमांशु अग्रवाल, डॉ. अनमोल कुमार अग्रवाल, डॉ. विवेक सक्सेना, डॉ. सुजॉय मुखर्जी, डॉ. भूप किशोर पाठक मौजूद रहे।