बरेली में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, 100 मीटर तक घिसटता गया युवक
Bareilly News: बरेली में शनिवार को पीलीभीत रोड पर दर्दनाक हादसा हुआ। सनराइज कालोनी के पास ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद स्कूटी सवार 100 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
विस्तार
बरेली में पीलीभीत रोड पर सनराइज कॉलोनी के निकट ईटों से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी सवार को टक्कर लग गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर में फंसकर स्कूटी सवार करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। युवक पीलीभीत का रहने वाला था। उसकी पत्नी ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीलीभीत जिले के बीसलपुर निवासी अर्चना वर्मा ने बारादरी पुलिस को बताया कि उनके पति सुमित वर्मा एक फिनाइल कंपनी में कर्मचारी थे। वह रोज बीसलपुर से बरेली आते-जाते थे। शनिवार को मालिक के काम से सुमित वर्मा स्कूटी से बरेली जा रहे थे। सनराइज कॉलोनी रोड पर अचानक ईंट लदी ट्रॉली आई और सुमित को चपेट में ले लिया।
ये भी पढ़ें- Bareilly Blast: घनी बस्ती में 150 से ज्यादा अवैध फैक्टरियां...बारूद के ढेर पर 20 हजार से ज्यादा शहरी; तस्वीरें
सुमित स्कूटी से नीचे गिर गए। चालक ने रोकने की बजाय ट्रैक्टर-ट्रॉली और तेज दौड़ा दिया। इस वजह से सुमित काफी दूर तक घिसटते चले गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर चालक फरार हो गया। राहगीर सुमित को उठाकर पास के निजी अस्पताल ले गए।
वहां डॉक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। बारादरी थाने में अर्चना की ओर से ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी चेक कराए जा रहे हैं।
हादसे से उजड़ गई गृहस्थी, परिवार में छाया मातम
बीसलपुर के मोहल्ला कटरा बाजार निवासी सुमित वर्मा की बरेली में सड़क हादसे में मौत से परिवार में मातम छा गया। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद देर शाम शव घर लाया तो बड़ी संख्या में नगर के लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
सुमित के परिवार में पत्नी अर्चना, दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। बड़ी पुत्री विशाखा आठ वर्ष की है और दूसरी बेटी श्रीजी छह व पुत्र वर्धन डेढ़ साल का है। हादसे के बाद मां सुशीला देवी, भाई अमित वर्मा बदहवास हो गए। देर शाम गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।