लखीमपुर खीरी: शराब की दुकान में फंदे से लटका मिला सेल्समैन का शव, एक माह पहले ही आया था काम पर
लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में कंपोजिट शराब की दुकान के सेल्समैन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव दुकान के अंदर ही फंदे से लटका मिला।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ के सिनेमा मार्ग स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के अंदर सेल्समैन का शव रविवार सुबह फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
लखीमपुर के सैधरी निवासी अंकुर जायसवाल की नगर के सिनेमा मार्ग पर कंपोजिट शराब की दुकान है। रविवार की सुबह ताला बंद दुकान के अंदर सेल्समेन अनिकेत (18) का शव फंदे से लटका मिला। उसके गले में स्वेटर का फंदा कसा था। अनिकेत थाना हैदराबाद क्षेत्र के रामपुर गांव का निवासी था।
सुबह मृतक का रिश्ते में भतीजा पुष्पेंद्र दुकान पर पहुंचा। उसके मुताबिक, आवाज देने पर अंदर से जवाब नहीं मिलने पर संदेह हुआ तो उसने ताला तोड़ा। अंदर गया तो अनिकेत का शव फंदे से लटक रहा था। उसने दुकान मालिक को सूचना दी।
एक महीने पहले ही काम पर आया था युवक
दुकान मालिक ने बताया कि अनिकेत एक महीने से ही काम पर आया था और दुकान में ही रुका करता था। मृतक के पिता रामचरन ने बताया कि अनिकेत दुकान पर एक महीने से कम कर रहा था। वह अपने चार भाइयों में छोटा था।
पिता ने किसी भी रंजिश होने से इन्कार किया है। न ही किसी पर कोई आरोप लगाया है। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर कब्जे में लिया है। सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
