रुहेलखंड विश्वविद्यालय: एलएलबी, एलएलएम और एमएड में प्रवेश का कार्यक्रम जारी, जानिए कब तक होंगे दाखिले
प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार तीनों पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू कर प्रवेश लिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग की तिथि के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट चेक करते रहने के लिए कहा है।
विस्तार
बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कॉलेजों में विधि ( लॉ ) पाठ्यक्रम और एमएड में प्रवेश का कार्यक्रम बुधवार को जारी हो गया। तीन अक्तूबर तक कॉलेजों को प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। कुलसचिव अजय कृष्ण यादव की ओर से जारी सूचना के अनुसार एलएलबी, एलएलएम, एमएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय और कॉलेजों को स्थानीय स्तर पर सूचना प्रकाशित करानी होगी।
प्रवेश परीक्षा में प्राप्त रैंक के आधार पर मेरिट तैयार करनी होगी। अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज की जांच के बाद निर्धारित सीटों पर तीन अक्तूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों की रिपोर्ट विश्वविद्यालय की ई-मेल आईडी पर पांच अक्तूबर तक और हार्ड कॉपी सात अक्तूबर तक उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
30 अगस्त को 11 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा
विधि और एमएड में प्रवेश के लिए दस अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर समेत 11 केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा हुई थी। प्रवेश परीक्षा सेल ने 30 अगस्त को परिणाम घोषित किया था। एलएलबी में 5,203, एलएलएम में 903 और एमएड में 1,588 आवेदन आए थे।
जल्द शुरू होगी काउंसलिंग
विधि संकायाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह के मुताबिक जारी प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार तीनों पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू कर प्रवेश लिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग की तिथि के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट चेक करते रहने के लिए कहा है।इन कॉलेजों में ही होगी प्रवेश प्रक्रिया
कुलसचिव ने सिर्फ उन्हीं विधि कॉलेजों में अभ्यर्थियों से आवेदन करने के लिए कहा है जो बार काउंसिल ऑफ इंडिया से सत्र 2023-24 के लिए मान्यता प्राप्त हैं। जिन कॉलेजों की मान्यता नहीं है, उनमें प्रवेश नहीं होंगे। अभ्यर्थियों को भी आवेदन से पहले मान्यता की जानकारी करने के लिए कहा है।