Bareilly News: सपा नेता आजम खां के पीए और उनके भाई समेत चार लोगों पर रिपोर्ट, यह है मामला
सपा के जिला कोषाध्यक्ष गौरव और उनके भाई सौरभ जायसवाल समेत चार लोगों के खिलाफ बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। सौरभ सपा नेता आजम खां के पीए हैं। आरोपियों पर मकान पर कब्जा करने और धमकी देने का आरोप है।
विस्तार
बरेली में पशु चिकित्सक के मकान पर अवैध कब्जा करने और 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में इस बार सपा नेता आजम खां के पीए सौरभ जायसवाल भी फंस गए हैं। उनके भाई सपा के जिला कोषाध्यक्ष गौरव समेत चार लोगों के खिलाफ मंगलवार रात बिथरी थाने में रिपोर्ट लिखी गई है।
इंटरनेशनल सिटी कॉलोनी निवासी पशु चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश वर्मा की पत्नी आरजू वर्मा के मकान पर सपा के जिला कोषाध्यक्ष गौरव जायसवाल और उसकी पत्नी प्रिया जायसवाल ने कब्जा कर रखा है। आईजी डॉ. राकेश सिंह के आदेश पर दोनों के खिलाफ 30 नवंबर को बिथरी चैनपुर थाने में दोनों पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
विवेचना में दोनों आरोपियों पर चार्जशीट लगाकर कोर्ट भेज दी गई है। आरोपियों ने इसके बावजूद मकान पर कब्जा नहीं छोड़ा है। आरजू वर्मा ने अब गौरव, उनकी पत्नी प्रिया उर्फ अर्पिता, उनके भाई व सपा नेता आजम खां के पीए सौरभ जायसवाल और उनकी मां को नामजद कराया है।
आरोप लगाया कि 30 दिसंबर को जब आरजू वर्मा इंटरनेशनल सिटी कॉलोनी में टहल रही थीं तो गौरव जायसवाल, पत्नी प्रिया उर्फ अर्पिता जायसवाल और उनकी मां ने उन्हें पकड़ लिया। जातिसूचक गालियां देकर धमकाया और उनकी चेन व मंगलसूत्र खींच लिया।
आरोप है कि गौरव के भाई सौरभ जायसवाल और उसकी पत्नी ने उनसे व उनके दिव्यांग बेटे से अभद्रता की। उन्होंने सोमवार को आईजी से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी। आईजी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सौरभ ने कहा- हमेशा नहीं रहेगी योगी की सरकार
आरजू वर्मा के मुताबिक सौरभ ने उन्हें धमकाया कि यह मत भूल कि मैं आजम खां का पीए हूं। योगी बाबा की सत्ता सदा के लिए नहीं है। तेरा और तेरे परिवार का क्या होगा, तू सोच भी नहीं सकती। आरजू ने कहा कि घटना के बाद से वह डरी-सहमी हैं।
आईजी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि महिला के आवास पर सपा नेता ने कब्जा कर रखा है। प्रारंभिक तौर पर वह दोषी भी मिले हैं। अब उनके भाई सपा नेता पर गंभीर आरोप लगे हैं। बिथरी थाने में रिपोर्ट कराई गई है। बिथरी पुलिस को सत्यता की जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
सपा नेता ने कहा- भाई को जबरन फंसाने की कोशिश
सपा जिला कोषाध्यक्ष गौरव जायसवाल ने बताया कि मेरे भाई सौरभ जायसवाल यहां नहीं रहते। वह रामपुर में एडवोकेट हैं। जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है। सीसीटीवी व कॉल डिटेल चेक करा ली जाए। पता लग जाएगा, उस दिन वह लोग कहां थे। सिविल कोर्ट का मामला है, तारीखें पड़ रही हैं।