राहत: रेलवे ने श्रमजीवी समेत 12 ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा किया खत्म, 75 रुपये तक घटेगा किराया
रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने 20 ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा खत्म कर दिया है। इससे इन ट्रेनों का किराया 75 रुपये तक घट जाएगा। जनवरी के पहले सप्ताह से इन ट्रेनों को मेल एक्सप्रेस के तौर पर चलाया जाएगा।
विस्तार
रेलवे ने 20 ट्रेनों का सुपरफास्ट का दर्जा खत्म कर दिया है। जनवरी के पहले सप्ताह से इनको मेल-एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। इससे किराया 30 से लेकर 75 रुपये तक कम हो जाएगा। ये ट्रेनें सुपरफास्ट के मानक औसत 55-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार को पूरा नहीं कर रही थीं।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि इन गाड़ियों का सुपरफास्ट का दर्जा खत्म करने के लिए काफी समय से समीक्षा चल रही थी। रेलवे हर वर्ष ट्रेनों की समय सारिणी में बदलाव करता है।
इसके साथ ही नया टाइम टेबल लागू होने पर ट्रेनों की समयबद्धता और औसत रफ्तार की समीक्षा करता है। इसी आधार पर ट्रेनों को मेल-एक्सप्रेस और सुपरफास्ट का दर्जा दिया जाता है। जिन ट्रेनों का सुपरफास्ट का दर्जा खत्म किया गया है वह बरेली होकर गुजरने वाली दिल्ली, बिहार, पंजाब व उत्तराखंड रूटों की गाड़ियां हैं।
किराये के साथ नहीं लगेगा सुपरफास्ट सरचार्ज
सुपरफास्ट गाड़ियों के टिकट पर किराये के अलावा सुपरफास्ट सरचार्ज लिया जाता है। सुपरफास्ट का दर्जा खत्म होने के बाद इन नियमित ट्रेनों में किराया 75 रुपये तक कम हो जाएगा। स्लीपर श्रेणी में किराया 30 रुपये, एसी तृतीय, तृतीय एसी इकॉनमी, द्वितीय एसी और एसी चेयरकार में 45 रुपये तक किराया घट जाएगा। इसके अलावा एसी प्रथम और एग्जीक्यूटिव श्रेणी में यात्रा के लिए 75 रुपये कम देने होंगे।
इन गाड़ियों में कम देना होगा किराया
पूर्णागिरि जन शताब्दी एक्सप्रेस, देहरादून-काठगोदाम सुपरफास्ट, दरभंगा-जालंधर सिटी सुपरफास्ट, पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सुपरफास्ट, राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस में यात्रियों को कम किराया देना होगा। ये ट्रेनें बरेली होकर गुजरती हैं।
