उर्स-ए-रजवी: जायरीन को न हो परेशानी... इसलिए रेलवे ने की ये व्यवस्था, बरेली से रोडवेज भी चलाएगा अतिरिक्त बसें
बरेली में उर्स-ए-रजवी के आखिरी दिन लाखों जायरीन पहुंचे हैं। उर्स समापन के बाद जयरीन को वापसी में कोई परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे और रोडवेज ने भी व्यवस्थाएं की हैं।
विस्तार
बरेली में उर्स-ए-रजवी में आने वाले जायरीन को परेशानी से बचाने के लिए रेलवे व्यवस्थाएं बनाने में जुटा है। जायरीन के लिए मंगलवार को बरेली जंक्शन पर छह अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने के साथ ही छह आटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) भी लगाईं गईं। तीन सहायता केंद्र शुरू करने के साथ ही अन्य इंतजाम भी किए गए हैं।
स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह और सीएमआई मोहम्मद इमरान चिश्ती के नेतृत्व में जंक्शन पर सहायता केंद्र खोले गये हैं। इसमें एक जंक्शन के मुख्य गेट पर दूसरा सर्कुलेटिंग एरिया में एक्सेलरेटर के पास और तीसरा आरक्षण टिकट बिल्डिंग के पास बना है। यहां रेलवे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
यह भी पढ़ें- उर्स-ए-रजवी: उलमा बोले- मुल्क का वफादार ही मजहब और रजा का असली पैरोकार, हमारे देश का संविधान सबसे बेहतर
रेलवे की ओर से की गई व्यवस्थाओं को देखते हुए दरगाह आला हजरत की ओर से अंजुमन अनवारे मुस्तफा ने स्टेशन अधीक्षक, सीएमआई, जीआरपी इंस्पेक्टर, आरपीएफ इंस्पेक्टर समेत अन्य अधिकारियों का सम्मान किया।
चलाई जाएंगी रोडवेज की अतिरिक्त बसें
जायरीन के लिए आज अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। रोडवेज की मॉनिटरिंग टीम भी सक्रिय हो गई है। उर्स-ए-रजवी के चलते पुराना बस अड्डा बंद होने की वजह से पूरी भीड़ सेटेलाइट बस स्टैंड पर ही है। ऐसे में यहां व्यवस्थाएं बनाने में कठिनाई आ रही है। यात्री भी परेशान हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- उर्स-ए-रजवी: बहू-बेटियों की करें हिफाजत, जकात से मिटाएं गरीबी, बरेली से दरगाह प्रमुख का पैगाम
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बरेली और रुहेलखंड डिपो के एआरएम के साथ-साथ चार टीमें सेटेलाइट बस स्टैंड पर मॉनीटरिंग के लिए लगाई हैं। उर्स का कुल बुधवार को है। दोपहर के बाद जायरीन की वापसी का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मुरादाबाद, दिल्ली, लखनऊ और आसपास के जिलों से भी हजारों जायरीन बरेली से वापसी करेंगे। ऐसे में परिवहन निगम ने 40 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है।
चलाया गया चेकिंग अभियान
उर्स के चलते मंगलवार को आरपीएफ-जीआरपी और सिविल पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बम व डॉग स्क्वॉड भी टीम के साथ मौजूद रहे। प्लेटफार्म संख्या एक, पार्सलघर, सर्कुलेटिंग एरिया सहित अन्य जगहों पर जांच की गई। आरपीएफ-जीआरपी के 60 अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी लगाए गए हैं। पांच प्लेटफार्म पर पांच-पांच टीम लगी हैं। मुख्य द्वार, टिकट विंडो, रेल पुलों, सर्कुलेटिंग एरिया आदि जगहों पर सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं।