सामूहिक विवाह कार्यक्रम: बरेली में सरकारी मंडप में अव्यवस्था की बरात, भोजन-पानी तक का मुकम्मल इंतजाम नहीं
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को बरेली क्लब मैदान पर हुए आयोजन में 696 जोड़े एक-दूजे के हो गए। लेकिन कार्यक्रम में अव्यवस्थाएं हावी रहीं।
विस्तार
बरेली क्लब मैदान पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सजाए गए मंडप में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। समारोह में आए वर-वधू और उनके परिजनों के लिए भोजन-पानी तक का मुकम्मल इंतजाम नहीं कर सके। समारोह के दौरान दूल्हा-दुल्हन को जमीन पर बैठकर भोजन करते देखा गया। हवन कुंड में कई लोग पॉलिथीन से आग जलाने की कोशिश करते दिखे।
समारोह शुरू हुआ तो पहले लोग आग जलाने के लिए लकड़ियां तलाशते रहे। किसी ने वैकल्पिक व्यवस्था से आग जलाई तो कई जोड़ों ने इसके बिना ही रस्में पूरी कीं। भोजन का दौर शुरू हुआ तो वहां पर्याप्त स्टॉल नहीं लगे थे। अचाानक भीड़ उमड़ी तो वहां थाली में भोजन लेने के लिए लोगों में धक्का-मुक्की होने लगी। भोजन के बाद लोग पानी के स्टॉल पर टूट पड़े। नतीजा, आरओ का पानी और गिलास भी खत्म हो गए। कई लोगों ने वहां खड़े टैंकर से पॉलिथीन में पानी लाकर परिजनों को पिलाया।
दूल्हा-दुल्हन के लिए बैठकर भोजन करने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन प्रशासन उनको इसकी जानकारी नहीं दे सका। न ही इससे संबंधित कोई एनाउंसमेंट किया गया। नतीजा, कई जोड़ों ने वहीं जमीन पर बैठकर भोजन किया। कई इधर-उधर भटते भी नजर आए।
मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश ने बताया कि बड़ा आयोजन था, अधिकारियों ने व्यवस्था बनाने के लिए भरसक प्रयास किया। भोजन के काउंटर पिछली बार से अधिक थे। किसी के लिए भोजन कम नहीं पड़ा। कुछ लोग खुद ही जमीन पर बैठ गए थे, उन्हें भी कर्मचारियों ने टेबल तक पहुंचाया।
569 जोड़ों का विवाह, 127 को निकाह कुबूल
विवाह पंचमी के शुभ मुहूर्त पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बरेली क्लब मैदान पर हुए आयोजन में 696 जोड़े एक-दूजे के हो गए। बहेड़ी, फरीदपुर, नवाबगंज एवं सदर तहसील के 569 जोड़ों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई।
दूसरी ओर, काजी ने 127 जोड़ों का निकाह पढ़वाया। मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश ने बताया कि वर-वधू को वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने के लिए साड़ी, सूट, पायल, बिछिया, प्रेशर कुकर, डिनर सेट, प्रेस, बेडशीट, वर के लिए कपड़े, दीवार घड़ी, ट्रॉली बैग आदि उपहार दिए गए।
इस दौरान वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सदस्य विधान परिषद कुंवर महाराज सिंह व बहोरन लाल मौर्य, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, डीएम रविंद्र कुमार, आईजी डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।