Bareilly News: रिछा में बनेगा थाना, कुछ जगहों पर चौकियां, जमीन तलाशने के निर्देश
एसएसपी घुले सुशील चंद्र ने कुछ थानों के निर्माण के लिए जमीन की मांग की। इस पर डीएम ने संबंधित अफसरों को जमीन तलाशने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
बरेली में विकास भवन सभागार में बुधवार को डीएम रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था के संबंध में बैठक हुई। एसएसपी घुले सुशील चंद्र ने कुछ थानों के निर्माण के लिए जमीन की मांग की। इस पर डीएम ने संबंधित अफसरों को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग को जमीन उपलब्ध कराई जाए।
एसएसपी ने कहा कि रिछा चौकी को थाना बनाना है, लेकिन जमीन उपलब्ध न होने के कारण शासन को प्रस्ताव नहीं भेज पा रहे हैं। इसी तरह मीरगंज और बिथरी चैनपुर समेत अन्य और जगहों पर चौकी प्रस्तावित हैं। इस पर संबंधित अफसरों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द पुलिस विभाग को जमीन तलाश कर दें।
निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता खराब मिलने पर जताई नाराजगी
सीबीगंज में निर्माणाधीन क्राइम ब्रांच के दफ्तर व एसपी क्राइम कार्यालय का बुधवार शाम आईजी डॉ. राकेश सिंह व एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने निरीक्षण किया। एसएसपी ने खामियों पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था पुलिस आवास निगम को पत्र लिखा है।
क्राइम ब्रांच दफ्तर समेत कई कार्यालय जल्द ही नए भवन में स्थापित हो जाएंगे। निर्माण अंतिम चरण में है और एसएसपी दफ्तर से कुछ प्रकोष्ठ यहां शिफ्ट करने की तैयारी है। अधिकारियों ने निरीक्षण किया तो भवन में सीलन मिली।
कुछ मानकों पर काम की गुणवत्ता खराब दिखी तो आईजी ने नाराजगी जताई। एसएसपी ने फोन पर संबंधित संस्था के अधिकारियों से वार्ता की। कहा कि जल्दी ही मानक के मुताबिक निर्माण करा दिया जाए ताकि कुछ दफ्तरों को शिफ्ट किया जा सके।