UP: मायके से नहीं आई पत्नी तो युवक ने जहर के साथ इंस्टाग्राम पर डाला वीडियो, मेटा अलर्ट पर पुलिस ने बचाया
बरेली में मेटा से मिले अलर्ट पर भुता थाना पुलिस ने एक युवक को आत्महत्या करने से बचाया। युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया था। उसने पारिवारिक विवाद के कारण जहर खाने का प्रयास किया। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे अलर्ट मिला। इस पर पुलिस टीम उसके गांव पहुंची और युवक की काउंसिलिंग की।
विस्तार
बरेली जिले में मेटा से मिले अलर्ट पर भुता थाना पुलिस ने एक युवक की जान बचा ली। पारिवारिक विवाद के कारण इंस्टाग्राम पर आत्महत्या का वीडियो पोस्ट कर जहर खाने निकले युवक को पुलिस ने समय रहते ढूंढ लिया। उसकी काउंसलिंग की गई। इसके बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
थाना पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे मेटा से एक अलर्ट मिला। अलर्ट में जानकारी दी गई कि बेवल बसंतपुर गांव निवासी एक युवक जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र कुमार ने तुरंत दरोगा ऋषि मित्र और हेड कांस्टेबल राजपाल सिंह को मौके पर भेजा।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से एक घायल, महिला आरोपी भी पकड़ी गई
पुलिस टीम जब गांव पहुंची। तलाश के दौरान युवक रिंकू उर्फ पंकज (26) गांव के बाहर खेतों की ओर जाता हुआ मिला। पुलिस ने उसे रोका और उससे पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी शादी को करीब छह वर्ष हो चुके हैं, लेकिन कोई संतान न होने के कारण उसका पत्नी से विवाद रहता है।
मायके से पत्नी के न आने से था नाराज
उसकी पत्नी पिछले कुछ समय से शाहजहांपुर स्थित अपने मायके में रह रही है। पिछले सप्ताह में वह दो बार पत्नी को बुलाने गया, लेकिन उसने साथ आने से इन्कार कर दिया। इसी वजह से तनाव में आकर उसने करीब एक सप्ताह पूर्व बनाया गया वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया और खेतों की तरफ जा रहा था।
पुलिस टीम ने युवक को चौकी बेवल बसंतपुर लेकर आई। वहां उसकी काउंसलिंग की गई और समझा बुझाकर लिखित आश्वासन लिया कि वह भविष्य में ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा। इसके बाद पुलिस ने उसे उसके पिता लल्लू राम व परिजनों के सुपुर्द कर दिया।