बरेली में कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट: जोगी नवादा और चक महमूद में पुलिस का कड़ा पहरा, चप्पे-चप्पे पर नजर
सीओ ने बताया कि पूरे क्षेत्र में कुल 44 प्वाइंट बनाकर पुलिस की तैनाती की गई है। 26 जगह बैरियर बनाए गए हैं। सभी जगह संदिग्धों की चेकिंग की जा रही है। उनकी पहचान पूछी जा रही है।
विस्तार
बरेली में कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति न देने के बाद अब पुलिस-प्रशासन का पूरा जोर इस रविवार माहौल दुरुस्त रखने पर है। इसलिए चक महमूद और जोगी नवादा की ओर जाने वाले हर रास्ते और अंदर की गलियों में पुलिस का पहरा सख्त कर दिया गया है। छतों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है। यहां आने जाने वालों से उनकी पहचान पूछी जा रही है। बाहरी लोगों के मोहल्ले में आने पर आधार कार्ड देखकर नाम-पता नोट किया जा रहा है।
जोगी नवादा और चक महमूद में पिछले दो रविवार को बवाल हो चुका है। पहली बार में कांवड़ यात्रियों पर दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया था। दूसरी बार में कांवड़ यात्रा के दौरान फायरिंग होने पर लाठीचार्ज कर दिया गया। उस मामले में तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी का लखनऊ पीएसी में ट्रांसफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी निलंबित कर दिए गए।
ये भी पढ़ें- घर को बनाया टॉर्चर रूम... मासूम की मौत: पड़ोसी के मकान के अंदर खौफनाक मंजर देख कांपा लोगों का कलेजा
तीसरे रविवार को कोई व्यवधान न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने चक महमूद से जोगी नवादा होकर कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी। शनिवार को एसपी सिटी के नेतृत्व में सीओ तृतीय व बारादरी इंस्पेक्टर हिमांशु निगम ने सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लिया। सभी प्रमुख रास्तों के साथ ही गलियों तक में बैरिकेडिंग की गई है।
44 प्वाइंट बनाकर पुलिस की तैनाती
सीओ ने बताया कि पूरे क्षेत्र में कुल 44 प्वाइंट बनाकर पुलिस की तैनाती की गई है। 26 जगह बैरियर बनाए गए हैं। सभी जगह संदिग्धों की चेकिंग की जा रही है। स्थानीय लोगों को आवाजाही में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। बाहरी लोगों के बेमतलब आने जाने पर निगरानी की जा रही है। बैरियर पर तैनात पुलिस ऐसे लोगों के पहचान पत्र देखकर उनकी जानकारी दर्ज कर रही है।बारादरी थाना पुलिस के साथ ही रेंजभर से मंगाया गया फोर्स इलाके में तैनात है। रविवार को पुलिस कार्यालय के विभिन्न प्रकोष्ठ में तैनात स्टाफ व लाइन के आरक्षित स्टाफ की ड्यूटी चक महमूद से जोगी नवादा तक रहेगी। चार कंपनी पीएसी, फायर ब्रिगेड तैनात की गई है। दो दिन से आरएएफ मौके से हटाकर शोभायात्रा में लगाई गई थी। रविवार को आरएएफ भी यहां रहेगी।