बरेली में दंगा नियंत्रण अभ्यास: उपद्रवियों ने किया बवाल... पुलिस ने फायरिंग कर खदेड़ा, छोड़ी आंसू गैस
होली और शब-ए-बरात से पहले पुलिस विभाग कमर कस कर तैयार हो रहा है। मंगलवार को पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण का अभ्यास किया गया। यहां शुरू में दंगाई हावी दिखे, पर बाद में पुलिस ने मोर्चा लेकर इन्हें खदेड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के पुलिस लाइन मैदान में एसएसपी अखिलेश चौरसिया की मौजूदगी में मंगलवार को दंगा नियंत्रण का अभ्यास किया गया। रिक्रूटों की दो टोली बनाई गईं। इनमें एक टुकड़ी दंगाई तो दूसरी पुलिस पार्टी के रूप में थी। दंगाइयों ने पहले सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और तोड़फोड़ की। चेतावनी पर भी नहीं माने तो आंसू गैस छोड़ी गई। दूसरे चरण में लाठीचार्ज और तीसरे में फायरिंग की गई। इसमें कुछ दंगाई प्रतीकात्मक रूप से मारे गए तो कुछ घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल पहुंचाने का उपक्रम किया।
जवानों को दिया गया प्रशिक्षण
एसएसपी ने भी आंसू गैस संबंधी उपकरणों व हथियारों का निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों को दंगे के दौरान हालात काबू करने का प्रशिक्षण दिया। कहा कि कार्रवाई के दौरान मानवीय मूल्यों का ध्यान रखा जाए। जनता को परेशानी न हो और दंगाई बचने न पाएं। एसपी सिटी राहुल भाटी, एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल, एसपी यातायात राममोहन सिंह व सीओ सिटी श्वेता यादव मौजूद रहीं।
थानों की जीप में सही नहीं मिले उपकरण
अभ्यास के दौरान सभी थानों के प्रभारी अपनी टीम के साथ बुलाए गए थे। उनकी जीपों में दंगारोधी उपकरणों की स्थिति चेक की गई। इसमें कई जगह आंसू गैस ही नहीं मिली। कई गाड़ियों में रखे बॉडी प्रोटेक्टर टूटे हुए थे। एसएसपी ने इन्हें तत्काल बदलवाने का निर्देश दिया।
पुलिस ने निकाला रूट मार्च
मंगलवार को एसपी सिटी राहुल भाटी व एएसपी चंद्रकांत मीना के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने शहर में रूट मार्च किया। पुलिस उन इलाकों में घूमी, जहां होली के दिनों में जुलूस निकाला जाना है। किला, बारादरी व कोतवाली के संबंधित रूटों का निरीक्षण किया गया। रास्ते में अधिकारियों ने लोगों से बात की और जरूरी निर्देश दिए।