बरेली: आगामी चुनाव के लिए पुलिस ने शुरू की तैयारी, एसएसपी ने बदमाशों की निगरानी के दिए निर्देश
बरेली पुलिस प्रशासन ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने अपराधियों पर नकेल कसने और संदिग्धों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले बरेली पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने थानेदारों को नई हिस्ट्रीशीट व गैंगस्टर चार्ट खोलने और पुराने बदमाशों की निगरानी का निर्देश दिया है। माहौल बिगाड़ने की आशंका में संदिग्धों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही स्कूल व धर्मशालाओं में संसाधन दुरुस्त कराने का काम किया जा रहा है, जहां अर्धसैनिक बलों को ठहराया जाएगा।
बरेली सांप्रदायिक लिहाज से संवेदनशील है। इसके लिए चुनाव में दूसरे जिलों से यहां अतिरिक्त पुलिस बल व पीएसी मंगाई जाएगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि अर्धसैनिक बल भी पर्याप्त मात्रा में रहेंगे। इनके ठहराव के लिए संबंधित केंद्रों पर शौचालय और स्नानागार की व्यवस्था देखी जा रही है। मौसम के अनुकूल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। महिला जवानों व पुलिसकर्मियों के ठहराव के लिए शहर या उसके नजदीक के केंद्र देखे जा रहे हैं। उनकी सुविधा के मद्देनजर भी तैयारियां की जाएंगी।
दरोगा बनाए सेक्टर अधिकारी, रखेंगे नजर
पोलिंग सेंटर के हिसाब से थानों के दरोगाओं को सेक्टर अधिकारी बनाकर जिम्मेदारी दी जा रही है। उनको संबंधित सेक्टर में अपराधी व खुराफाती छवि के लोगों को चिह्नित करने, अवैध शराब और हथियारों की तस्करी पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। वह इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को देंगे और समय रहते प्रभावी कार्रवाई करेंगे। पिछले चुनावों में रंजिश व झगड़ों के मामलों की जानकारी कर मौजूदा स्थिति देखना भी उनकी ड्यूटी में शामिल है। सीओ स्तर के अधिकारियों को इस प्रक्रिया के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि विधानसभा चुनाव नजदीक है तो जरूरी तैयारी शुरू कर दी गई है। अपराधियों की हिस्ट्रीशीट, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट खोलने की कार्रवाई जल्दी पूरी करने का निर्देश दिया है ताकि किसी तरह की खुराफात न हो सके। माहौल बिगाड़ने वालों या कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।