बरेली बवाल: व्हाट्सएप पर भेजे थे ये मैसेज... मास्टरमाइंड नदीम ने उगला सच; 29 और आरोपी गिरफ्तार, वायरलेस बरामद
बरेली में बवाल के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई जारी है। पुलिस ने 29 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य साजिशकर्ता नदीम खान भी शामिल हैं। एसएसपी के मुताबिक उसने बवाल के दौरान पुलिसकर्मी से वायरलेस हैंडसेट छीना था।
विस्तार
बरेली में बवाल कराने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा खान की पार्टी आईएमसी के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खान को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस से छीना गया वायरलेस हैंड सेट बरामद किया गया। नदीम को मौलाना तौकीर का दाहिना हाथ बताया जाता है। सोमवार को कुल 29 आरोपी गिरफ्तार कर चालान किया गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने पत्रकार वार्ता में बताया कि नदीम ने पुलिसकर्मी से वायरलेस हैंडसेट छीना था। उसने संभवत: गोपनीय बातें सुनने के लिए इस्तेमाल किया होगा। एसएसपी के मुताबिक आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। जब आरोपी पुलिस लाइन लाए गए तो हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते नजर आए।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि बवाल के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक नदीम खान समेत 29 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसने बवाल के दौरान एक पुलिसकर्मी से मोबाइल हैंडसेट छीना था, जिसे बरामद कर लिया गया है। एक अन्य आरोपी जफरूद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया है।
संबंधित खबर- UP: 'बहकावे में आ गए थे... अब जीवन में कभी ऐसा नहीं करेंगे', बरेली में बवाल का कारण पूछने पर ये बोले उपद्रवी
एसएसपी के मुताबिक आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से एक विशिष्ट स्थान पर इकट्ठा होने के संदेश मिले थे। आरोपी नदीम खान ने कहा है कि उसके, डॉ. नफीस और लियाकत के हस्ताक्षरों वाली एक अपील लेटरहेड पर प्रसारित की गई थी। पुलिस टीम लियाकत की तलाश कर रही है।
पुलिस लाइन में हाथ जोड़कर माफी मांगते पहुंचे आरोपी
कोतवाली पुलिस ने बवाल के 14 और बारादरी पुलिस ने 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नदीम समेत सभी आरोपी जब प्रेसवार्ता के लिए पुलिस लाइन लाए गए तो वह हाथ जोड़कर माफी मांग रहे और गिड़गिड़ा रहे थे।
#WATCH | Uttar Pradesh | On 'I Love Muhammad' row and violence in Bareilly, SSP Bareilly, Anurag Arya says, "In this incident, we have arrested a total of 55 people till now, and more arrests will be made soon." pic.twitter.com/aOb8eW8Yz8
— ANI (@ANI) September 29, 2025