UP: बरेली में जुमे की नमाज पर अलर्ट रही पुलिस, फोर्स के साथ घूमते रहे अफसर, ड्रोन से हुई निगरानी
बरेली में शुक्रवार को जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा चाक चौबंद रही। एसएसपी ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च का शहर के हालात का जायजा लिया। धार्मिक स्थलों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।
विस्तार
बरेली में जुमा नमाज की वजह से शुक्रवार को दिन भर पुलिस अलर्ट रही। शहर में सेक्टर स्कीम लागू की गई थी। पुलिस प्रशासन के अधिकारी दिन भर सड़कों पर गश्त करते रहे। जिले में दूसरे शहरों से आया भारी भरकम फोर्स तैनात है, धर्मस्थलों के पास सुरक्षा बढ़ाई गई है।
26 सितंबर को शहर का माहौल बिगड़ा था। शहर में कई जगह उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा था। इसके बाद से बरेली जोन के नौ जिलों का पुलिस फोर्स शहर में तैनात है। शासन के निर्देश पर हर शुक्रवार चौकसी बरती जा रही है।
यह भी पढ़ें- मौलाना पर नई मुसीबत: घर पर वसूली का नोटिस चस्पा, तौकीर भी निकला बड़ा चालाक; बेच चुका बदायूं की सारी संपत्ति
इस बार अयोध्या ब्लास्ट की वजह से सरगर्मी और बढ़ी हुई थी। एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी मानुष पारीक ने दोपहर के वक्त रूट मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी ने विभिन्न प्वाइंट पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए।
नावल्टी चौराहे के पास पत्रकारों से वार्ता में एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फोर्स सक्रियता से ड्यूटी कर रही है। कंट्रोल रूम से शहर के हर हिस्से की निगरानी की जा रही है। ड्रोन भी संवेदनशील स्थानों की टोह ले रहे हैं।
जिले में सुरक्षा का माहौल है और लोग दीपावली की खरीदारी करने जिस तरह से निकल रहे हैं, बाजार में काफी भीड़ लग रही है। उन्होंने व्यापारियों व जनता को भी भरोसा दिलाया कि वह किसी तरह के भय या संशय में न रहें।
दीपावली तक इतना फोर्स रहेगा तैनात
जिले में इस समय दूसरे जिलों के चार एएसपी, चार सीओ, 40 इंस्पेक्टर व 700 पुलिसकर्मी मौजूद हैं। साथ ही 4500 पुलिसकर्मी जिला पुलिस के हैं। त्वरित रेस्पांस टीम के रूप में 20 महिला टीम सक्रिय हैं। सात कंपनी पीएसी व एक कंपनी आरआरएफ भी शहर में कैंप कर रही है।