Mock Drill: बरेली के मॉल और स्कूलों में मॉक ड्रिल, शहर में रात आठ बजा सायरन... 10 मिनट तक ब्लैक आउट
पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई के बाद यूपी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। नागरिक सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बरेली में रात आठ बजे सायरन बजते ही 10 मिनट का ब्लैक आउट हुआ। इससे पहले शहर के स्कूलों और मॉल में मॉक ड्रिल कराई गई।
विस्तार
बरेली के नैनीताल रोड स्थित श्री गुलाबराय मांटेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को गृह मंत्रालय की और से जारी एडवाइजरी के तहत विद्यार्थियों को हवाई हमले से बचने एवं सुरक्षित रहने की मॉक ड्रिल कराई गई। इसमें सुबह प्रार्थना के बाद सभी कक्षाओं में शिक्षकों ने बच्चों को स्मार्ट बोर्ड पर सुरक्षा एवं बचाव संबंधी वीडियो और पीपीटी दिखाई। मौखिक रूप से मॉक ड्रिल के बारे में बताया। इसके बाद स्कूल में सायरन की आवाज के साथ ही मॉक ड्रिल कराई गई। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि आज रात आठ बजे ब्लैक आउट के दौरान भी अपने-अपने घरों में क्या सावधानी बरतनी हैं, कैसे अपना और परिवारजनों का बचाव करना है। इसके अलावा शहर के अन्य स्कूलों में बच्चों को जागरूक किया गया।
मॉल और सेटेलाइट बस अड्डे पर भी आयोजन
पीलीभीत बाईपास स्थित फीनिक्स मॉल में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉल के कर्मचारियों को आपात स्थिति में बचाव के तरीके बताए गए। इसके साथ मॉल में आने वाले लोगों को भी जागरूक किया गया। इसके अलावा बरेली जंक्शन पर सिविल डिफेंस के सदस्यों ने बुधवार को सुबह जागरूकता अभियान चलाया। रोहिलखंड डिपो और सेटेलाइट बस अड्डे पर भी मॉक ड्रिल की गई। रोहिलखंड एआरएम ने चालकों व परिचालकों को मॉक ड्रिल को लेकर जानकारी दी। बस अड्डे पर यात्रियों को जागरूक किया गया।
रात में 10 मिनट के लिए ब्लैक आउट, पुलिस अलर्ट
बरेली में जिला प्रशासन ने बुधवार को पूरे जिले में 10 मिनट के लिए ब्लैक आउट कराया। रात आठ बजे सायरन बजा। इसके बाद पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। घरों व व्यावसायिक भवनों के अलावा वाहन चालकों ने भी इस दौरान अपनी हेडलाइट्स बंद रखी। इस दौरान जिलेभर में पुलिस अलर्ट रही।
10 मिनट के लिए लोगों ने बंद की लाइट
डीएम ने अपील की थी कि शहर और ग्रामीण सभी इलाकों में ब्लैक आउट किया जाना है। ऐसे में सभी नागरिकों से अपील है कि 10 मिनट के लिए सभी तरह की लाइट बंद रखें। अगर सड़क पर किसी वाहन से गुजर रहे हैं। ऐसे में ब्लैक आउट के दौरान रात को 8 बजे से 8:10 बजे के बीच लाइट बंद कर दें। घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी बिजली या इन्वर्टर से प्रकाश न करें। यह देशहित में है। ऐसे में सभी का सहयोग भी अपेक्षित है। ब्लैक आउट में लोगों ने सहयोग किया।
यह भी पढ़ें- UP: 'ऑपरेशन सिंदूर' की चर्चा से भड़का युवक, किशोर पर किया चाकू से हमला, पाकिस्तान के समर्थन में लगाया नारा
स्ट्रीटलाइट भी बंद रही
माॅक ड्रिल के समय आईवीआरआई और इसके आसपास की सड़कों पर स्ट्रीट लाइट बंद रखी गई। यहां लोगों को दिक्कत नहीं हो। इसके लिए उन्हें पूर्व में सूचना भी दे दी गई थी।
आमजन क्या करें
- ब्लैक आउट के समय अपने घरों पर रहे।
- सभी जगह की लाइट बंद कर दें।
- भगदड़ न मचाएं।
- धूम्रपान न करें।
- माचिस, मोबाइल टार्च, फ्लैश लाइट का उपयोग न करें।
- खिड़की से बाहर प्रकाश निकलता न दिखे, ऐसा होने पर काला कागज वहां लगा दें।
- सड़क पर अगर वाहन चला रहे तो लाइट बंद कर रुक जाएं।
- साइरन अगर दो मिनट से अधिक तक सुनाई दे तो बचाव कार्य में लगने का संकेत होगा।
यहां से मिलेगी मदद
- नागरिक सुरक्षा कंट्रोल रूम 7007227706
- पुलिस कंट्रोल रूम 0581-2573850, 9454417441