UP News: बरेली में सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर बोले- अतीक और मुख्तार जिंदा होते तो सपा बनाती स्टार प्रचारक
बिहार चुनाव में आजम खान को स्टार प्रचारक बनाए जाने पर यूपी के सहकारिता मंत्री जेपीएस ने सपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जिंदा होते तो शायद उन्हें भी सपा स्टार प्रचारक बना देती।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
बरेली के प्रभारी एवं प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा वोट बैंक की राजनीति करती है। हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले आजम खान को बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक बनाने की यही वजह है। अगर माफिया अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जिंदा होते तो शायद उन्हें भी सपा स्टार प्रचारक बना देती।
शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार को पिछली बार की तुलना में इस बार तीन गुना अधिक धनराशि दी है। कानून-व्यवस्था सुधरने पर ही वहां उद्योग लगेंगे। उत्तर प्रदेश की तरह बिहार को भी माफिया मुक्त बनाना होगा, तभी वहां निवेश आएगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मदरसों पर हो रही कार्रवाई के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री ने जिन मदरसों को बंद करने का निर्णय लिया है, वे बिना मान्यता के संचालित हो रहे थे। अवैध मदरसों में क्या होता है, यह किसी से छिपा नहीं है। सरकार किसी भी स्थिति में बच्चियों के साथ गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेगी। सरकार विकास कराती है। इसी का नतीजा है कि विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था भारत है। सैन्य शक्ति भी अजेय बनी है।
लौह पुरुष की 150वीं जयंती पर होंगे विविध कार्यक्रम
सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्तूबर से छह दिसंबर तक कई कार्यक्रम होंगे। इस दौरान जिलों और संसदीय क्षेत्रों में पदयात्रा से पूर्व स्कूल-कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक आदि होंगे। नशामुक्त भारत की शपथ, संस्थानों में स्वदेशी मेलों का आयोजन होगा।
योग व हेल्थ शिविर, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रमाणपत्र वितरण होगा। इसका नेतृत्व कैबिनेट मंत्री, सांसद, स्थानीय प्रशासन, माई भारत और एनसीसी के अधिकारी करेंगे। इस पहल से जुड़ने के लिए युवा माई भारत पोर्टल mybharat.gov.in/pages/unity_march पर पंजीकरण करा सकते हैं।
सांसद, मेयर और विधायक रहे मौजूद
इस दौरान सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, पूर्व सांसद आंवला धर्मेंद्र कश्यप, मेयर उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, प्रो. श्याम बिहारी लाल, एमएलसी महाराज सिंह, जिलाध्यक्ष बरेली सोमपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, बंटी ठाकुर, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट दीपक सोनकर व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।