Budaun News: दुष्कर्म पीड़िता से पहले शादी की, फिर गर्भपात कराया, दहेज में मांगे तीन लाख रुपये
मुकदमे से बचने के लिए आरोपी युवक ने दुष्कर्म पीड़िता से शादी की। आरोप है कि उसने पत्नी का दोबारा गर्भपात कराया। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया। उससे दहेज में तीन लाख रुपये मांगे गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र में दुष्कर्म के एक मामले में पीड़िता से खुशामद के बाद आरोपी युवक ने शादी तो कर ली, लेकिन दोनों खुशहाल नहीं रह पाए। आरोप है कि दहेज के लिए उसके पति समेत ससुराल पक्ष के लोग प्रताड़ित करते रहे। दो बार गर्भपात भी कराके उसे घर से निकाल दिया गया।
दुष्कर्म में एफआईआर के बाद पिछले साल यह मामला सुर्खियों में रहा था। कटरी से जुड़े एक गांव की युवती का बदायूं में अस्थायी से रूप से रह रहे युवक से प्रेमप्रसंग रहा। चूंकि प्रेमप्रसंग में युवती उस वक्त गर्भवती हो गई, सो उसके भाई समेत मां के सामने हकीकत उजागर हो गई थी।
भाई ने कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी नितीश कुमार को दुष्कर्म, उसके पिता अनिल और मां राजकुमार को षड़यंत्र में शामिल बताकर नामजद करा दिया था। गिरफ्तारी के डर से नितीश ने अपने रिश्तेदारों और परिजनों की मदद से दुष्कर्म पीड़िता को अपने पक्ष में रजामंद कर लिया था।
दहेज उत्पीड़न में दर्ज कराई रिपोर्ट
अब, एसएसपी के आदेश पर दहेज उत्पीड़न में नितीश, उसके पिता अनिल, मां राजकुमारी, जेठ अंकित और रिश्तेदार उसावां थाना क्षेत्र के गांव नगरिया चिकन निवासी पुत्तूलाल और उसकी पत्नी वीरावती पर दहेज उत्पीड़न में एफआईआर हुई है। पुलिस के मुताबिक उस वक्त दुष्कर्म पीड़िता ने बताया कि वह नितीश से प्यार करती थी।
प्रेमप्रसंग में गर्भवती होने के बाद उसे नशीला पदार्थ खिलाकर गर्भपात करा दिया गया था। इसके बाद वह फिर गर्भवती हुई, नशीली वस्तु खिलाकर गर्भपात कराया गया। पति उसे अस्पताल के पास ही बेहोशी की हालत में छोड़ गया था। इसके बाद से वह अपने पिता के घर रह रही है।
तो फिर दुष्कर्म के केस से बचना था मकसद
दहेज उत्पीड़न में पति नितीश समेत सास, ससुर, जेठ और रिश्तेदारी दंपती की नामजदगी के बाद पुराने मामले को लेकर पीड़िता पक्ष के पैरोकार आरोपियों की भूमिका पर सवाल उठाने लगे हैं। उनका कहना है कि नितीश ने दुष्कर्म के केस में गिरफ्तारी से बचने के लिए ही पीड़िता से शादी की। अब, पीड़िता से कहा गया है कि वह अगर तीन लाख रुपये अपने पिता से लाकर नहीं देती है, किसी और से शादी कर सकती है। पीड़िता ने एफआईआर में इसका जिक्र भी किया है।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि महिला एसएसपी के सामने पेश हुई थी। उसके शिकायती पत्र के आधार पर रिपेार्ट दर्ज कर ली गई है। उसके भाई ने पिछले साल दहेज उत्पीड़न के आरोपियों में से नितीश के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था।