अजब कारनामे: जिंदा को बता दिया मृत, गरीब को अमीर, महिला के नाम पर शौचालय बना किसी और के घर में
संपूर्ण समाधान दिवस पर कई लोगों ने ऐसी शिकायतें कीं, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों के अजब कारनामों की पोल खुल गई। किसी को मृत दर्शा दिया गया, तो किसी गरीब को अमीर। एक महिला 15 साल से शौचालय निर्माण के लिए चक्कर काट रही है। उसे अब पता चला है कि उसके नाम पर शौचालय निर्माण किसी और घर में हो चुका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जिले में हर घर शौचालय निर्माण कराने के अफसरों के दावे पर एक प्रार्थना पत्र ने सवालिया निशान लगा दिया। एक महिला अपने घर में शौचालय निर्माण कराने के लिए 15 साल तक चक्कर लगाती रही। अब उसे पता चला कि उसके नाम पर शौचालय किसी और के घर में बना हुआ है। शनिवार को सदर तहसील में महिला ने अफसरों से उसके आवास में शौचालय निर्माण कराने की गुहार लगाई।
फतेहगंज पश्चिमी के बादशाहनगर की गीता देवी के मुताबिक वह 15 साल से लगातार शौचालय निर्माण के लिए ब्लॉक कार्यालय में प्रार्थना पत्र सौंप रही है। पति की मौत के बाद से वह किसी तरह गुजर-बसर कर रही है। शौचालय के लिए दौड़भाग के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई तो उसने सूचना मांगी।
एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश
उसे बताया गया कि उसके आवास में शौचालय का निर्माण हो चुका है। ब्लॉक के अफसरों ने दूसरा शौचालय निर्माण न होने पाने की बात कही। महिला को कहना है कि उसके घर में शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है। मामले में एसडीएम प्रत्यूष पांडे ने जांच कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं कांधरपुर के प्रशांत कुमार ने अधिकारियों से सराफ के पास गिरवी रखे जेवर वापस दिलाने की मांग की है।
गरीब को बना दिया अमीर
भोजीपुरा इटौआ केदारनाथ के छत्रपाल का आरोप था कि उनके गांव में जो समृद्ध परिवार हैं, उनके राशन कार्ड गरीबी रेखा से नीचे और उनका गरीबी रेखा से ऊपर बना है। जबकि वे गरीबी में जीवन गुजर बसर कर रहे हैं। उनके कहना है कि इसके चलते वे अपनी बीमार पत्नी का इलाज भी नहीं करा पा रहे हैं, क्योंकि राशन कार्ड गरीब रेखा के ऊपर का होने से आयुष्मान कार्ड भी नहीं बन पा रहा। बीडीओ, डीसीओ की जांच सौपी गई है।
जिंदा को दर्शा दिया मृत
नवाबगंज में पंचायत सचिव ने एक जिंदा महिला का कागजों में मृत दर्शाकर विधवा पेंशन रोक दी। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची भदपुरा ब्लॉक की सोमवाती ने शिकायत की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पंचायत सचिव पर कार्रवाई करने के निर्देश खंड विकास अधिकारी भगवानदास को दिए। गांव जाकर जांच करने के लिए साथ ही जल्द से जल्द पेंशन बहाल करने के निर्देश दिए।