Bareilly: बरात में महिलाओं से छेड़खानी, विरोध पर बराती ने दुल्हन के तहेरे भाई को गोली मारी, हालत गंभीर
बरेली के भमोरा क्षेत्र में बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र से बरात आई थी। जयमाल के दौरान डीजे पर डांस कर रहे बरातियों ने महिलाओं से छेड़खानी की। दुल्हन के तहेरे भाई ने विरोध किया तो उस पर फायर कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान महिलाओं से डीजे पर डांस कर रहे युवकों ने छेड़खानी कर दी। लड़की पक्ष ने विरोध किया तो बदायूं निवासी एक बराती ने तमंचे से गोली चला दी। इससे एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।
रविवार रात गांव निवासी ग्रामीण के यहां लड़की की बरात बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के गांव संजरपुर से आई थी। बरातियों का स्वागत सत्कार के बाद खाना-पीना हुआ। रात करीब तीन बजे जयमाला का कार्यक्रम हुआ। दोनों पक्ष की महिलाएं स्टेज पर जाकर दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देकर घर लौट रही थीं।
जयमाला स्टेज के एक ओर डीजे लगा था। यहां बराती डांस कर रहे थे। बरातियों में से कुछ नशे में थे। स्टेज से उतरकर अपने घर की ओर जाने को महिलाएं निकलीं तो डीजे पर डांस कर रहे उझानी के संजरपुर निवासी नरेंद्र ने अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं। इसका दुल्हन के तहेरे भाई अशोक ने विरोध किया।
हाथ को चीरती हुई जांघ में लगी गोली
नशे की हालत में आरोपी नरेंद्र ने तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा। अशोक ने तमंचे की नाल पकड़ ली तो गुस्साए नरेंद्र ने फायर कर दिया। गोली अशोक के हाथ को चीरती हुई उसकी जांघ में लग गई। फायरिंग के बाद बरात में अफरा-तफरी मच गई।
कुछ लोगों ने नरेंद्र को पकड़ लिया। उसके साथी कार लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। परिजनों ने नरेंद्र को तमंचे समेत पुलिस को सौंप दिया। अशोक को परिजन भमोरा सीएचसी लेकर पहुंचे जहां से डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एसपी दक्षिणी मानुष पारीक ने बताया कि ये हर्ष फायरिंग जैसा मामला था। एक ने फायर किया जो दूसरे युवक के लग गया। आरोपी को पकड़ लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।