सलीम को थी दारू पीने की आदत: रात दोस्तों संग गया पार्टी करने, सुबह ठेले पर मिली लाश; ईंट से कुचल दिया था चेहरा
सलीम की शादी नहीं हुई थी। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। सोमवार रात भी वह अपने दोस्तों के साथ शराब पीने निकला था। सुबह उन्हें पता लगा कि उसका रक्तरंजित शव एक ठेले पर पड़ा है।
विस्तार
यूपी के बरेली स्थित इज्जतनगर थाना क्षेत्र के पीरबहोड़ा में शराब पार्टी के दौरान दोस्तों में मारपीट के दौरान एक युवक की सिर व चेहरा कुचलकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव ठेले पर मिला और पास में रक्तरंजित ईट मिली। शाम को पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद चेती पुलिस ने युवक के दोस्तों की धरपकड़ शुरू कर दी। बुधवार को खुलासा हो सकता है।
पीरबहोड़ा निवासी सलीम उर्फ हीरो (35) शराब पीने का आदी था। वह आवारा दोस्तों के साथ सड़क पर घूमता रहता था। उसके बहनोई हसमुद्दीन ने सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को बताया कि उनका साला सलीम उर्फ हीरो देर रात तक दोस्तों के साथ शराब पीकर घूमता था।
बताया कि सलीम की शादी नहीं हुई थी। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। सोमवार रात भी वह अपने दोस्तों के साथ शराब पीने निकला था। सुबह उन्हें पता लगा कि उसका रक्तरंजित शव एक ठेले पर पड़ा है। पास में सीमेंट की एक ईट पड़ी है जिस पर खून के छींटे हैं। साथ ही सलीम के चेहरे और सिर में गहरे निशान हैं। उन्होंने सलीम के दोस्तों पर ही शक जताया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर और चेहरे पर कई वार करने की पुष्टि हुई है। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मामला हत्या का ही लग रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे देख रही है। साथ ही सलीम के दोस्तों व करीबियों को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।