Bareilly: लक्जरी कार न मिलने पर गला दबाकर पत्नी को जान से मारने की कोशिश, पति समेत ससुरालियों पर रिपोर्ट
बरेली के सुरेश शर्मा नगर निवासी युवती की शादी रुद्रपुर में हुई थी। आरोप है कि पति और ससुरालवाले दहेज में लक्जरी कार के लिए उसका उत्पीड़न करते थे। कई बार उसकी हत्या की कोशिश की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में दहेज में लक्जरी कार न मिलने पर युवक ने पत्नी का गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। लोहे की रॉड से हमला कर सिर फोड़ दिया और एक हाथ भी तोड़ दिया। पीड़ित विवाहिता की तहरीर पर बारादरी थाना पुलिस ने उसके पति समेत ससुरालवालों पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
सुरेश शर्मा नगर निवासी टिकल साहू ने बताया कि उनकी शादी 22 फरवरी 2017 को उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी शिवम साहू के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति, ससुर गंगाराम साहू, सास बीना साहू, ननद पूजा गुप्ता और प्रियंका राठौर दहेज में लक्जरी कार मांगने लगे। 2019 में उनकी बेटी पैदा हुई।
जूस में मिलाकर दिया था जहर
मांग पूरी न होने पर 28 फरवरी 2021 को पति ने दुपट्टे से गला कसकर टिकल को जान से मारने की कोशिश की। लोहे की रॉड मारकर उनका सिर फोड़ दिया और एक हाथ तोड़ दिया। ससुरालियों ने रैट किल मिलाकर जूस पिला दिया, जिससे उनकी तबीयत खराब हो गई थी।
विवाहिता ने बताया कि सूचना पर उनके पिता ने पहुंचकर उनका इलाज करवाया। 31 दिसंबर 2022 को दोबारा गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। मायके वाले पुलिस लेकर पहुंचे, तब जान बच पाई। इसके बाद टिकल अपने मायके आ गईं।
ससुरालवाले कार और 30 लाख रुपये के बिना टिकल को रखने को तैयार नहीं हुए। आरोप है कि 12 सितंबर को पति ने टिकल के मायके जाकर पुलिस कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने बारादरी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।