फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Kishori's family was aware of love affair, were looking for a chance

किशोरी के घरवालों को थी प्रेम संबंधों की जानकारी, तलाश रहे थे मौका

Fri, 29 Jan 2021 01:30 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Fri, 29 Jan 2021 01:30 AM IST
विज्ञापन
Kishori's family was aware of love affair, were looking for a chance
मौका मुआयना करती पुलिस टीम। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
मीरगंज। गांव वालों के मुताबिक किशोरी के घरवालों को युवक दिव्यानंद से प्रेम संबंधों की पहले से ही जानकारी थी और वे उसे सबक सिखाने के लिए मौका ढूंढ रहे थे। मगर बृहस्पतिवार को जब दोनों को साथ देखा तो इसे बर्दाश्त नहीं कर सके और पीटने के बाद दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी। साथ ही मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए दोनों के शव पेड़ से फंदे लटकार उससे लटका दिए।
विज्ञापन

दिव्यानंद के घरवाले बेशक उनके प्रेम संबंध की जानकारी से इनकार कर रहे हों लेकिन अंबरपुर गांव में इसे लेकर काफी चर्चा थी। किशोरी के पिता की परचून की दुकान है, जिस पर वह अक्सर बैठती थी। दिव्यानंद भी उसकी दुकान के सामने से होकर निकलता था और वहां कुछ देर ठहरता भी था। धीरे-धीरे दोनों में प्रेम संबंध हो गए। पुलिस के मुताबिक किशोरी के घरवालों को इसकी जानकारी थी और वे दिव्यानंद को सबक सिखाने का मौका ढूंढ रहे थे। पिछले दिनों दिव्यानंद रुद्रपुर में ड्राइविंग सीखने गया था और चार-पांच दिन पहले ही लौटा था। गुरुवार को किशोरी का पिता खेत में काम कर रहा था और किशोरी वहां चारा काटने गई थी। पास ही दिव्यानंद अपने खेत में गेहूं की फसल में पानी लगा रहा था। इसी बीच किशोरी के पिता ने उसे दिव्यानंद के साथ गन्ने के खेत में जाते देखा तो उसने घर के लोगों को बुला लिया और दोनों की हत्या करके शव पेड़ से लटका दिए।
विज्ञापन

बच्चों ने खोली वारदात की परतें

दिव्यानंद का भतीजा नितिन घटना का चश्मदीद गवाह है। नितिन के मुताबिक उसने किशोरी के घरवालों को दोनों को लाठी-डंडों से पीटते और गला दबाने के बाद रस्सी से गला बांधकर पेड़ से लटकाते हुए देखा। बताया कि आरोपियों ने उसे धमकाया तो वह भागने के बजाय छिप गया था। वहीं, किशोरी के घर के बच्चों ने बताया कि दिव्यानंद उनकी बहन को खेत में खींच ले गया था, तभी घरवाले गुस्साए थे लेकिन आगे क्या हुआ उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मौके पर मिले संघर्ष के निशान

चश्मदीद के मुताबिक दोनों को बेरहमी से पीटने के बाद हत्या की गई थी। दिव्यानंद और किशोरी के शव भी पूरी तरह मिट्टी से लथपथ मिले हैं। वहीं, फोरेंसिक टीम को भी आसपास के खेतों में संघर्ष के निशान मिले हैं। गेहूं के खेत में फसल भी रौंदी हुई मिली है, इसके अलावा मौके पर कई लोगों के पैरों के निशान भी मिले हैं।

दरोगा ने सबूतों से की छेड़छाड़

दिव्यानंद के परिवार वालों ने शव लटके होने की सूचना यूपी 112 को दी थी। यूपी 112 की सूचना पर थाने से एक दरोगा मौके पर पहुंचे लेकिन उन्होंने घटना को गंभीरता से नहीं लिया। फॉरेंसिक टीम के पहुंचने के पहले ही दरोगों ने दोनों शवों को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। इससे घटनास्थल पर अन्य तमाम लोगों के पैरों के निशान बन गए।

युवक के घरवालों ने रंजिश में हत्या का लगाया आरोप

दिव्यानंद के पिता नत्थूलाल की दस वर्ष पहले मौत हो चुकी है। चाचा रामगुलाम के मुताबिक तब से दिव्यानंद उनके पास ही रह रहा था। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते उनके भतीजे की हत्या करके शव पेड़ से लटका दिया लेकिन जब रंजिश के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। दिव्यानंद के किशोरी से प्रेम संबंध की जानकारी होने से भी उन्होंने इनकार किया।

पैनल करेगा पोस्टमार्टम

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दोनों शवों का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। वहीं, घटना के बाद एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल देर रात तक मीरगंज थाने में डटे रहे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच के अलावा मीरगंज सर्किल की पुलिस लगाई गई है।

पहले भी हुईं ऑनरकिलिंग की घटनाएं

- मई 2019 : क्योलड़िया के गांव साहबगंज में प्रेम प्रसंग के चलते नरगिस उर्फ मोहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जबकि उसका पति गोली लगने से घायल हुआ था।
- मई 2019 : सिरौली के गांव बसंतपुर में प्रेमी से शादी करके मां से मिलने आई हिमांशी की उसके पिता ने ही गला दबाकर हत्या कर दी थी।
- जुलाई 2018 : बहेड़ी के गांव इटौआ धुरा में प्रेमिका के पिता और चाचा ने राजवीर उर्फ फूल बाबू की हत्या की।
- सितंबर 2018 : अलीगंज के गैनी में प्रेम प्रसंग के भाभी और भतीजे ने विनीता की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
- सितंबर 2018 : प्रेमिका के घरवालों ने विजयपाल की हत्या करके उसका शव प्राइमरी स्कूल में लटका दिया था।
- अक्तूबर 2018 : भोजीपुरा के गांव मुड़िया हाफिजगंज की अंजुम की हत्या उसके परिवार वालों ने करके शव नहर में फेंक दिया था।
- मई 2017 : प्रेम प्रसंग के चलते भोजीपुरा में युवती के घरवालों ने उसकी हत्या कर दी। अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस पहुंची तो अधजला शव छोड़कर भाग गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed