{"_id":"667235f82926c3be0604b176","slug":"kiln-owner-repeated-allegations-action-decided-against-co-bareilly-news-c-4-bly1015-423065-2024-06-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bareilly News: भट्ठा मालिक ने दोहराए आरोप, सीओ मीरगंज पर कार्रवाई तय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bareilly News: भट्ठा मालिक ने दोहराए आरोप, सीओ मीरगंज पर कार्रवाई तय
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। सीओ मीरगंज दीपशिखा अहिवरन अपने ही बुने जाल में फंसती जा रही हैं। दो लाख रुपये मांगने के मामले में पीड़ित भट्ठा मालिक ने एसपी दक्षिणी के समक्ष बयान दर्ज करा दिए हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित ने बयान में अपने पुराने आरोपों को दोहराया है। ऐसे में सीओ पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
मीरगंज के गांव तिलमास निवासी ईंट भट्ठा मालिक रिफाकत अली को नोटिस भेजकर बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया था। मंगलवार को रिफाकत ने एसपी दक्षिणी मानुष पारीक के समक्ष पेश होकर बयान दर्ज कराए। सूत्र बताते हैं कि इस बार भी रिफाकत ने सीओ मीरगंज पर दो लाख रुपये रिश्वत मांगने, इन्कार करने पर ट्रैक्टर और जेसीबी सीज करने का आरोप दोहराया है। आरोपों से घिरने के बाद सीओ ने कार्रवाई एसडीएम के संज्ञान में होने व मौके पर खुद न जाने की बात कही थी। वहीं, एसडीएम ने पल्ला झाड़ते हुए कहा था कि इस मामले से उनका कोई लेनादेना नहीं है।
विज्ञापन
मैं इंस्पेक्टर का बेटा, सार्वजनिक बेइज्जती खल गई
एसपी दक्षिणी मानुष पारीक रिफाकत के बयान की जानकारी देने से बचते रहे। कहा कि इसकी रिपोर्ट वह एसएसपी को सौंपेंगे। वहीं, उनके कक्ष से निकले रिफाकत से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह लगाए गए आरोपों पर कायम हैं। मैडम यह कैसे कह सकती हैं कि वह उनके भट्ठे पर नहीं गई थीं। मौके की सर्विलांस डिटेल व अन्य साक्ष्य निकाल लिए जाएं तो इसकी पुष्टि हो जाएगी। रिफाकत ने कहा कि उनकी रगों में भी पुलिस परिवार का खून दौड़ रहा है। पिता इंस्पेक्टर पद से रिटायर हुए थे तो वह किसी अधिकारी पर अनर्गल आरोप कैसे लगा सकते हैं? भट्ठे पर सैकड़ों कर्मचारी उनकी इज्जत करते हैं। उन सभी के सामने सीओ ने उनसे अभद्रता की जो उन्हें ज्यादा खली। सीओ का यह व्यवहार पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय है। वह अपने अधीनस्थों से लेकर जनता तक से खराब लहजे में बात करती हैं। वह 50 हजार रुपये देने के लिए तैयार भी हो गए थे पर सीओ का खराब व्यवहार देखकर उन्होंने शिकायत का इरादा बना लिया।
विज्ञापन