लोकसभा चुनाव 2024: खीरी के मतदाताओं ने तोड़ा पिछली बार का रिकॉर्ड, धौरहरा में 0.23 कम हुई वोटिंग
खीरी और धौरहरा लोकसभा सीटों पर जमकर वोट पड़े। खीरी ने मतदान के मामले में अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया तो धौरहरा मामूली अंकों से चूक गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इस बार खीरी लोकसभा सीट के मतदाताओं ने पिछले चुनाव का रिकॉर्ड तोड़ दिया। आंधी-बारिश के बावजूद मतदाताओं के कदम नहीं रुके। उन्होंने खूब मतदान किया। खीरी लोकसभा सीट पर कुल 64.73 प्रतिशत मतदान हुआ। पिछले चुनाव में यहां 64.19 प्रतिशत वोट पड़े थे। इस बार 0.54 प्रतिशत मतदान अधिक हुआ है।
धौरहरा सीट पर 64.45 प्रतिशत मतदान हुआ है। पिछले चुनाव में यहां 64.68 प्रतिशत वोटिंग हुई। इस बार धौरहरा सीट पर 0.23 प्रतिशत कम वोटिंग हुई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी तौफीक अहमद के अनुसार यह आंकड़े निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।
मतदाता सोमवार को सुबह जब वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों की ओर निकले तो बारिश शुरू हो गई। बचते-बचाते मतदाता बूथों पर पहुंचते रहे। हालांकि, कुछ जगह जलभराव हो जाने से मतदाताओं को दिक्कतें भी हुईं, लेकिन उनका उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बाद पोलिंग बूथों पर लंबी-लंबी कतारें नजर आईं।
64.45 % वोटिंग धौरहरा सीट पर
क्षेत्रवार मतदान प्रतिशत
श्रीनगर - 69.89
निघासन - 68.31
मोहम्मदी - 66.40
कस्ता - 65.85
पलिया - 63.00
धौरहरा - 62.52
लखीमपुर - 62.21
गोला गोकर्णनाथ - 61.02
कुल मतदाता - 326152
पुरुष - 173998
महिला - 152150
थर्डजेंडर - चार
आबादी - चार लाख
राजस्व गांव - 1200
ग्राम पंचायत - 175
श्रीनगर विधानसभा मतदान में रही अव्वल, गोला पीछे
लोकसभा चुनाव में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने मतदान में सबको पीछे छोड़ दिया। मतदान में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र पहले स्थान पर रहा है। यहां के मतदाताओं ने जिले की आठों विधानसभाओं में सबसे अधिक 69.89 प्रतिशत वोट डाले। गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 61.2 प्रतिशत मतदान हुआ।
लोकसभा चुनाव के लिए जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों के 2890 बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। हर दो घंटे के अंतराल पर मतदान का प्रतिशत जारी होता रहा। इसमें श्रीनगर विधानसभा हर चक्र में आगे रहा। सुबह नौ बजे तक पहले चरण के मतदान में श्रीनगर में सबसे अधिक 13.86 फीसदी वोटिंग हुई। अगले दो घंटे में श्रीनगर में मतदान प्रतिशत 18 फीसदी से अधिक बढ़कर 31.74 हो गया।
छुट्टा पशु तो आम समस्या है। बाढ़ में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों को नुकसान होता है। बढ़ी समस्याएं होने के बाद भी श्रीनगर के वोटरों ने मतदान करने में कोताही नहीं बरती। सुबह से लेकर अंतिम समय तक मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और जिले में पहला स्थान हासिल कर लिया। दूसरे नंबर पर निघासन विधानसभा रही। यहां 68.31 फीसदी मतदान हुआ।