दरोगा ने दिया धोखा: 'दो साल तक लूटी आबरू... मेरी जिंदगी तबाह कर दी', मथुरा की युवती ने लगाए आरोप
पीड़ित युवती मथुरा की रहने वाली है। आरोपी दरोगा रामपुर जनपद के एक थाने में तैनात है। रामपुर पुलिस ने जब सुनवाई नहीं की तो युवती सोमवार को बरेली एडीजी जोन के दफ्तर पहुंची।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा की युवती ने रामपुर जनपद के एक थाने में तैनात दरोगा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि दरोगा उसके साथ लिव-इन रहा। दो साल तक यौन शोषण किया। इसके बाद दूसरी युवती से शादी कर ली। पीड़ित युवती ने दरोगा के खिलाफ रामपुर एसपी से शिकायत की, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं की गई। सोमवार को पीड़ित युवती बरेली में एडीजी जोन के दफ्तर आई। उसने शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। युवती ने दरोगा के साथ लिव-इन में रहने के साक्ष्य भी दिखाए।
दिल्ली में दो साल लिव-इन में रहा
पीड़ित युवती के मुताबिक चार पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी एक युवक से जान पहचान हुई। दोनों में दोस्ती हो गई। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा दिया। दिल्ली में युवक उसके साथ लिव-इन में रहने लगा। दो साल तक उसका यौन शोषण किया। युवती का कहना है कि जब भी वह उससे शादी की बात करती तो वह करियर और पढ़ाई का हवाला देकर टालता रहा। इसी दौरान युवक की नौकरी यूपी पुलिस में लग गई। वह दरोगा बन गया। अब उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली है।
शादी के बाद करता रहा बात
युवती का आरोप है कि जब तक आरोपी युवक के पास पैसा नहीं था, वह उसके साथ रहता रहा। नौकरी लगने के बाद जब थोड़ा पैसा आ गया तो मुझे धोखा दे दिया। युवती ने कहा कि उसने मुझे ही धोखा नहीं दिया, अपनी पत्नी से भी विश्वासघात किया है। शादी के बाद भी वह उससे बात करता रहा। झूठ बोलता रहा। जब उसकी सच्चाई सामने आई तो उसने पीछा छुड़ा लिया। युवती ने कहा कि उसने मेरी जिंदगी का नाश कर दिया है। आत्मग्लानि में जिंदगी जी रही हूं। पीड़ित ने एडीजी दफ्तर में शिकायती पत्र देकर इंसाफ की मांग की है।