{"_id":"67fe0d96c192eacaed00596f","slug":"inspector-of-khadi-village-industries-department-arrested-taking-bribe-in-bareilly-2025-04-15","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Bareilly News: 20 हजार रुपये रिश्वत लेते टेक्सटाइल इंस्पेक्टर गिरफ्तार, एंटी करप्शन की टीम ने रंगेहाथ दबोचा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bareilly News: 20 हजार रुपये रिश्वत लेते टेक्सटाइल इंस्पेक्टर गिरफ्तार, एंटी करप्शन की टीम ने रंगेहाथ दबोचा
Tue, 15 Apr 2025 01:29 PM IST
मुकेश कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
Published by: मुकेश कुमार
Updated Tue, 15 Apr 2025 01:29 PM IST
सार
बरेली में एंटी करप्शन की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को रिश्वत लेते टेक्सटाइल इंस्पेक्टर आदित्य प्रकाश गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ने एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये रिश्वत ली थी।
विज्ञापन
टेक्सटाइल इंस्पेक्टर आदित्य प्रकाश
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली इकाई की टीम ने सीओ यशपाल सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सिटी रेलवे स्टेशन के पास स्थित हथकरघा एवं वस्त्र मंत्रालय के स्थानीय दफ्तर में वस्त्र निरीक्षक (टेक्सटाइल इंस्पेक्टर) आदित्य प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। टीम आदित्य को बारादरी थाने ले गई और वहां पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
विज्ञापन
भगवंतपुर गांव के निवासी बुनकरों से टेक्सटाइल कलस्टर सर्वे के नाम पर आदित्य ने 20 हजार रूपये मांगे थे। इनमें से एक मुख्तार अहमद अंसारी ने एंटी करप्शन से शिकायत की थी। उसके बाद डीएम से दो स्वतंत्र गवाह लेकर यह कार्रवाई की गई। आरोपी आदित्य प्रकाश लखनऊ में गोमती नगर बड़ी जुगौली का निवासी है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bareilly News: पुलिस ने होटल में मारा छापा, कमरों में मिले प्रेमी युगल... शर्म से झुक गईं नजरें
विज्ञापन
शिकायतकर्ता मुख्तार ने बताया कि एक ओर जहां प्रदेश सरकार बुनकरों और कारीगरों को सहूलियत दे रही है वहीं दूसरी ओर आदित्य जैसे लोग रिश्वतखोरी करके सरकार की मंशा पर पानी फेर रहे हैं। सीओ ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस लाइन गेट के पास स्थित एंटी करप्शन कार्यालय में रिश्वतखोरी की शिकायत की जा सकती है। आरोपी के खिलाफ बारादरी थाने में शून्य क्राइम नंबर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
Trending Videos
पहले भी पकड़े जा चुके है घूसखोर
- चार अप्रैल को एंटी करप्शन टीम ने चकबंदी लेखपाल महावीर सिंह को गिरफ्तार किया था। उसने सहायक चकबंदी अधिकारी तृतीय के कहने पर वारिसान दर्ज करने के बदले एक किसान से 25 हजार रुपये रिश्वत ली थी।
- 20 फरवरी को बिथरी चैनपुर के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अवनीश प्रताप सिंह के चालक वीरपाल को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। बीईओ ने प्रधानाध्यापक से रुका वेतन निकलवाने के नाम पर पांच हजार रुपये मांगे थे।
- छह जनवरी को मारपीट के मामले में गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर 50 हजार की घूस लेते दरोगा दीपचंद को गिरफ्तार किया गया था। एंटी करप्शन की टीम ने उसे भी रंगेहाथ पकड़ा था।
- तीन जनवरी को आईटीआई के अनुदेशक कृष्ण कुमार गुप्ता को टेबलेट देने के नाम पर चार हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। पीड़ित छात्र की शिकायत पर टीम ने यह कार्रवाई की थी। शासन की ओर से यह टेबलेट निशुल्क दिया जाना था।