UP News: बरेली में पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी में आयकर का छापा, कारोबारी के आवास पर भी पहुंची टीम
बरेली के फरीदपुर में आयकर विभाग ने बृहस्पतिवार सुबह पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी में छापा मारा। विभाग की कई टीमों ने फैक्टरी मालिक रवि नमानी के घर से लेकर सभी औद्योगिक इकाइयों पर एक साथ छापे मारे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में आयकर विभाग की टीम ने फरीदपुर क्षेत्र में स्थित पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी में बृहस्पतिवार सुबह छापा मारा। फैक्टरी संचालक रवि नमानी के आवास से लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी कारोबारी ठिकानों की जांच शुरू की है। सुरक्षा के लिहाज से फैक्टरी के बाहर सीआरपीएफ जवान तैनात हैं।
जानकारी के अनुसार फरीदपुर के भगवानपुर फुलवा गांव स्थित पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी में आयकर विभाग की टीम बृहस्पतिवार को सुबह करीब पांच बजे फैक्टरी पहुंची। छह गाड़ियों से 20 अधिकारी पहुंचने की बात कही जा रही है। फैक्टरी पर छानबीन शुरू होने के बाद दोपहर में एक टीम आवास पर पहुंचने की सूचना है। उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड के रुद्रपुर तक संचालित नेमानी ग्रुप की औद्योगिक इकाइयों पर टीम की कार्रवाई से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है। फैक्टरी कर्मियों और अधिकारियों के फोन जब्त कर लिए गए हैं।
बताते हैं कि सुबह टीम के पहुंचने पर फैक्टरी कर्मियों ने सूचना फैक्टरी प्रशासन को दी। जीएम को साथ लेकर टीम पूछताछ के लिए बरेली स्थित आवास पर आई। सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ जवान रहे। कारोबार संबंधी रजिस्टर और इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच जारी है।
फैक्टरी का संचालन ठप, मजदूरों को टीम ने लौटाया
सुबह से जारी छापा कार्रवाई की सूचना दोपहर में पहुंचने वाले कर्मचारियों को न होने से काम करने पहुंचे मजदूरों को फैक्टरी के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया है। सीआरपीएफ जवानों के मुताबिक मजदूरों को अंदर आने के लिए कोई रोक नहीं है, लेकिन फैक्टरी संचालक द्वारा ही मजदूरों को अंदर नहीं लिया जा रहा है। हालांकि, प्रकरण पर फैक्टरी मालिक से बातचीत का प्रयास किया गया लेकिन फोन स्विच ऑफ रहा।
बीते वर्ष पांचजन्य फैक्टरी पर जीएसटी टीम का छापा
पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी में पिछले वर्ष जीएसटी की टीम ने छापेमारी कर जांच की। इस दौरान फैक्ट्री संचालक में सत्ताधारी पार्टी के बड़े नेताओं को बुला लिया था। फैक्टरी पहुंचे नेताओं ने टीम से बातचीत की। कई घंटे जांच पड़ताल करने के बाद टीम वापस चली गई थी। हालांकि, क्या कार्रवाई हुई ये जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं हो सकी है। दूसरी ओर, छापामारी की सूचना से औद्योगिक इकाईयों में हलचल रही।