Bareilly: मोबाइल खोने पर थाने में दें सूचना, इस पोर्टल के जरिए पुलिस लगाएगी पता; शिक्षिका को लौटाया खोया फोन
यदि आपका मोबाइल खो या गिर गया है तो नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस नए पोर्टल की मदद से आपका मोबाइल जल्द तलाश कराएगी। बरेली में कोतवाली पुलिस ने एक महिला का खोया फोन पोर्टल के जरिए खोज लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्र सरकार ने बीते वर्ष सीईआईआर पोर्टल बनाकर लापता मोबाइल तलाशने की जो व्यवस्था लागू की थी, वह बरेली में अब लागू की जा रही है। करीब एक महीने पहले सभी थानेदारों को एप से संबंधित पासवर्ड आईडी दिए गए थे। इसके तहत अब जिले में कोतवाली पुलिस ने पहला आईफोन खोजकर शिक्षिका को लौटाया है।
कोतवाली पुलिस ने दूरसंचार विभाग (डीओटी) के केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से खोए हुए मोबाइल का पता लगाया है। इंस्पेक्टर कोतवाली दिनेश कुमार शर्मा के अनुसार मिशन अस्पताल परिसर निवासी शिक्षिका एलिजाबेथ ए दयाल ने तीन जनवरी को बताया कि उनका आई फोन रास्ते में कहीं गायब हो गया है। इसके बाद पोर्टल में डाटा फीड करके मोबाइल खोज लिया गया।
मोबाइल खोने पर थाने में दें सूचना
यदि आपका मोबाइल खो या गिर गया है तो नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस नए पोर्टल की मदद से आपका मोबाइल जल्द तलाश कराएगी। कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि थाने में प्रार्थना पत्र देने पर मोबाइल व सिम का डाटा पोर्टल में फीड किया जाता है। केंद्र सरकार के इस पोर्टल पर हर वक्त सर्चिंग चलती है। जैसे ही मोबाइल में कोई दूसरा सिम पड़ता है, उसकी रिपोर्ट संबंधित थाने को भेज दी जाती है। पुलिस जरूरत के हिसाब से कानूनी कार्रवाई करती है। उनके अनुसार कोतवाली में 17 मोबाइल की डिटेल पोर्टल पर दर्ज की गई है।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि तकनीक का सही इस्तेमाल होने से कई समस्याओं से बचा जा सकता है। इस पोर्टल से भी काफी मदद मिलेगी। थाना स्तर पर ही मोबाइल खोने व चोरी की समस्या का निस्तारण हो सकेगा।