बरेली: आईएएस ज्ञानेंद्र गंगवार की गिरफ्तारी के बाद परिवार ने मीडिया से बनाई दूरी, गांव के लोग भी सकते में
बंगलूरू में सीआईडी ने बरेली जिले के रहने वाले आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उनके गांव के लोग सकते में हैं। आईएएस के परिवार ने भी मीडिया से दूरी बना ली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के नवाबगंज क्षेत्र के गांव हिमकरपुर चमरौआ के रहने वाले आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार इन दिनों केपीएससी (कर्नाटक लोक सेवा आयोग) भर्ती घोटाले को लेकर सुर्खियों में हैं। कर्नाटक लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित वेटनरी ऑफिसर परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में सीआईडी ने बंगलूरू में आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र गंगवार को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद परिवार ने मीडिया से दूरी बना ली है। उनके गांव के लोग भी सकते हैं।
आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किए जाने के बाद अमर उजाला टीम ने उनके परिजनों से बात करने का प्रयास किया। टीम उनके घर पहुंची तो घर पर कोई पुरूष मौजूद नहीं मिला। हालांकि महिलाएं घर के अंदर मौजूद थीं, जिन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी। टीम ने उनके घर के पास मौजूद ग्रामीणों से बात करने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने बताया कि कल तो सब मौजूद थे सुबह ही कहीं गए हैं। अधिकारी का मामला होने के चलते ग्रामीणों ने भी इस मामले को लेकर बात करने से इनकार कर दिया।
एक सप्ताह पहले ईडी ने मारा था छापा
आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र गंगवार तीन भाई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उनके सबसे बड़े भाई कमल गंगवार ग्राम प्रशासक हैं। उनसे छोटे मुरारी लाल गांव में ही रहते हैं। ज्ञानेंद्र सबसे छोटे हैं। इससे पहले 23 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने गंगवार के पैतृक घर पर छापा मारा था। दिनभर जांच करने के बाद रात में टीम यहां से चली गई थी।
2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं ज्ञानेंद्र
ज्ञानेंद्र गंगवार कर्नाटक कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह पहले केपीएससी में परीक्षा नियंत्रक के पद पर तैनात थे। मार्च में उनका तबादला हो गया। वह अभी कर्नाटक के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में एमएसएमई निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।