यूपी: दूसरी पत्नी ने बच्ची की टॉयलेट साफ नहीं की तो पति ने चाकू से काटा गला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली के फतेहगंज कस्बे में रविवार रात विवाद के बाद पति ने पत्नी का गला चाकू से रेत दिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के ससुर के मुताबिक बेटे का पहली पत्नी से तलाक हो चुका है। उससे दो बेटियां हैं। रात में एक बेटी ने टॉयलेट की तो बहू ने उसे साफ करने से इनकार कर दिया। बंद कमरे में विवाद बढ़ा तो बेटे ने बहू की गला रेत दिया। आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हालांकि अभी रिपोर्ट नहीं लिखी गई है। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी स्मैक का आदि है।
कस्बे के वार्ड नंबर आठ निवासी जाहिद हुसैन ने तीन साल पहले पहली पत्नी को तलाक दे दिया था। उसकी दो बेटियां हैं। दो माह पहले उसने थाना शीशगढ़ के मोहल्ला गढ़ी निवासी नसरीन (25) से निकाह कर लिया। रविवार रात पति, पत्नी और दोनों बेटियां अंदर कमरे में सो रहे थे। तभी दंपती में झगड़ा शुरू हो गया।
जाहिद के पिता जाकिर के मुताबिक बहू की चीख सुनकर वह उठे और दरवाजे के पास पहुंचे तो अंदर से बंद था। खिड़की से पर्दा हटाकर देखा तो बहू के गले से खून बह रहा था। उनकी बेटी ने खिड़की के सहारे अंदर जाकर कुंडी खोलकर बहू को निकाला और जिला अस्पताल ले गए।
जाकिर के मुताबिक जाहिद की पहली पत्नी से पैदा छोटी बेटी ने टॉयलेट कर दी थी। दिन में ऐसा होने पर उनकी बेटी उसके कपड़े साफ कर देती थी पर रात में जब जाहिद ने नसरीन से बेटी के कपड़े साफ करने को कहा तो उसने मना कर दिया। कहा कि वह बाकी सब काम करने को तैयार है पर बच्चों की टॉयलेट साफ नहीं करेगी। शायद इसी बात पर झगड़ा बढ़ गया। वहीं आसपास के लोगों ने जाहिद को स्मैक का आदि बताया। इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी ने बताया कि जाहिद को थाने में बैठा लिया है। कोई तहरीर नहीं आने के कारण रिपोर्ट नहीं लिखी गई है।
मायके वाले भी स्तब्ध
जिला अस्पताल में बैठीं नसरीन की मां हबीबन और भाई आरिफ भी घटना से स्तब्ध थे। हबीबन का कहना था कि वह रविवार को बेटी की ससुराल गई थीं। शाम को ही अपने घर आई थीं। तब बेटी ने किसी तरह की शिकायत नहीं की। किस बात पर झगड़ा हुआ और नौबत गला काटने की आई, नहीं जानतीं। बेटी के सही होने का इंतजार कर रही हैं। उससे पूछताछ के बाद ही कोई कार्रवाई कराएंगी।
नशे और गुस्से ने कराई घटना
बताते हैं कि निकाह के बाद नसरीन को जब जाहिद के नशेड़ी होने का पता चला तो घर में क्लेश होने लगा। मजदूरी करके जो रुपये लाता उसे स्मैक और शराब पर खत्म कर देता। रविवार रात करीब 11 बजे भी वह नशे की हालत में घर आया। फिर और स्मैक खरीदने के लिए रुपये मांगने लगा। नसरीन ने मना किया तो वह नाराज हो गया। बाकी कसर टॉयलेट साफ करने को नसरीन के इनकार ने पूरी कर दी। हिरासत में आरोपी जाहिद ने बताया कि वह नशा नहीं करता है। बेटियों की देखभाल नहीं करने को लेकर विवाद हुआ था।