बरेली चौबारी मेला: रामगंगा के किनारे सज गईं दुकानें, नखासे से बढ़ी रौनक, 50 हजार रुपये में बिका घोड़ा
बरेली के रामगंगा चौबारी मेले में बुधवार से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 15 नवंबर को स्नान है। इसको लेकर मेले में रौनक बढ़ गई है। घोड़ों का नखासा लोगों को आकर्षित कर रहा है।
विस्तार
बरेली के रामगंगा नदी के किनारे चौबारी मेले में श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। दुकानें लग चुकी है। झूले व खेल तमाशे भी लग चुके हैं। वहीं घोड़ों का नखासा मेले की रौनक बढ़ रहा है। विभिन्न नस्लों के घोड़े यहां लाए गए हैं। इनके खरीदार भी पहुंच रहे हैं। मंगलवार को एक घोड़ा 50 हजार रुपये में बिका।
मेला मैदान पर मंगलवार को देवोत्थान एकादशी होने के कारण सुबह कुछ श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे थे। उन्होंने स्नान के बाद मेला का लुत्फ भी लिया और थोड़ी बहुत खरीदारी भी की। मेले में पत्थर के सिलबट्टे और काठ (लकड़ी) के सामान के दुकानदार ज्यादा आए हैं। काठ में खास तौर से पटा-बेलन, हॉड़ी-बर्तन सहित तमाम सजावट के सामान हैं। साथ ही खान-पान की भी तमाम दुकानें लग रही हैं।
Budaun News: देर रात को घर पहुंचा प्रेमी, प्रेमिका समझ चारपाई पर लेटी देवरानी संग कर बैठा 'भूल'
घोड़े के नखासे में रौनक बढ़ने लगी है। इसमें व्यापारी अब तक 50 से एक लाख रुपये तक के घोड़े लेकर पहुंचे हैं। इसमें रामपुर में एक हॉर्स एकेडमी चलाने वाले सलमान मारवाड़ी घोड़ा खरीदने आए। उन्होंने एक 50 हजार का घोड़ा पसंद किया और खरीदा भी।
कुछ लोग पंजाबी नस्ल का घोड़ा खरीदते दिखे। यह घोड़ा आम तौर पर बग्घी के प्रयोग में आता है। गंगा में नौका विहार के लिए नावक भी अपने कश्तियां पर रंग रोगन कर रहे हैं। सीता रसोई समिति की ओर से 15 नवंबर को कपड़ा वितरण व भंडारा होगा।
15 नवंबर से रहेगी सांस्कृतिक कार्यक्रम की धूम
चौबारी मेले में आयोजकों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इसके लिए मंच भी बनाया गया है। कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर से होगी। मेला प्रबंधक कमेटी के श्याम वीर सिंह ने बताया कि 15 नवंबर को गंगा स्नान है। इसके लिए बुधवार से श्रद्धालु आना शुरू हो जाएंगे।
श्रद्धालुओं के आने सिलसिला तीन चार दिन तक बना रहेगा। उनके मनोरंजन के लिए मेला कमेटी की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, जिसमें गीत संगीत और भजन व अन्य कार्यक्रम दिन रात चलते हैं। इसमें स्थानीय सांस्कृतिक दलों के अलावा कुछ मंडलियां वृंदावन से भी आती हैं। मेला 19 नवंबर तक चलेगा।
स्काउट गाइड ने चलाया स्वच्छता अभियान
हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड की ओर से राम गंगा चौबारी मेले में सात दिवसीय आवासीय शिविर लगाया गया है। स्काउट गाइड ने गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। प्रादेशिक संगठन आयुक्त हिमांशु सक्सेना व सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अलका मिश्रा के नेतृत्व में प्रथम पेट्रोल सुबह गंगा घाट के लिए रवाना हुआ। स्वच्छता व्यवस्था बनाने के लिए स्काउट गाइड ने गंगा तट पर मौजूद जनमानस से अपील की कि गंगा को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। इस मौके पर जिला स्काउट आयुक्त सुबोध अग्रवाल, जिला संगठन आयुक्त वैभव गौड़, वैभव सक्सैना, रेंजर अभिषेक, दीक्षा की मौजूदगी रही।