होमगार्ड भर्ती दौड़: बरेली में छह महिला अभ्यर्थी गिरने से घायल, पांच के पैर में फ्रैक्चर
बरेली में सोमवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान छह महिला अभ्यर्थी गिरकर घायल हो गईं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से पांच के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है।
विस्तार
बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान छह महिला अभ्यर्थी गिरकर घायल हो गईं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से पांच के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है।
फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा इलाके की निवासी 28 वर्षीय अनामिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि दौड़ पूरी करने के बाद अचानक चक्कर आ गया और उनकी हालत बिगड़ गई। अनामिका ने बताया कि उन्होंने स्नातक तक पढ़ाई की है। यह उनका होमगार्ड भर्ती में दौड़ का पहला ही प्रयास था।
लखीमपुर खीरी निवासी 28 वर्षीय काजल जायसवाल ने बताया कि छठे राउंड में दौड़ते समय उनका पैर मुड़ गया। चोट लगने से वह मैदान पर गिर गईं। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, वहां एक्सरे में उनके पैर में फ्रैक्चर बताया गया।
दौड़ते-दौड़ते गिरी, पैर में फ्रैक्चर
पीलीभीत के बीसलपुर निवासी 25 वर्षीय संध्या ने बताया कि दौड़ के अंतिम राउंड में लक्ष्य से करीब 50 मीटर की दूरी बाकी थी। इस दौरान पैर में अचानक चोट लगी और वह गिर गईं। जांच में पैर में फ्रैक्चर बताया गया।
शाहजहांपुर के कलान निवासी 25 वर्षीय रिंकी ने बताया कि वह पांचवें राउंड में दौड़ रही थीं। अचानक आंखों के सामने अंधेरा छा गया और वह बेहोश होकर गिर गईं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। रिंकी ने बताया कि उन्होंने स्नातक किया है और नौकरी के लिए पहली बार भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुई थीं।
शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र के मंसूर गौटिया निवासी 26 वर्षीय नीतू देवी ने बताया कि छठे राउंड में पैर में फ्रैक्चर होने से वह गिर गईं। पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शाहजहांपुर के कटरा थाना क्षेत्र के खड़खड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय सरिता भी गिरकर घायल हो गईं। नोडल अधिकारी एसपी यातायात अकमल खान ने बताया कि सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।