डॉक्टर-कर्मचारी नेता विवाद
शनिवार को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता एक मरीज को गंभीर हालत में भर्ती कराने पहुंचे थे लेकिन आरोप है कि डॉक्टर एमएल शर्मा ने मरीज को भर्ती करने से मना कर दिया था। बातचीत बढ़ी तो नौबत धक्कामुक्की और हाथापाई तक पहुंच गई। ओपीडी से आकर चिकित्सकाें ने मामला शांत कराया। सोमवार को एडी हेल्थ सुबोध कुमार ने सीएमएस के कमरे में दोनाें की बात सुनी। राधेश्याम ने बताया कि जब एक कर्मचारी के मरीज को भर्ती करने में चिकित्सक इतनी टालमटोली करते हैं तो एक आम मरीज पर क्या गुजरती होगी। डॉ. एमएल शर्मा ने भी अपना पक्ष रखा। लेकिन समझौता नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि एमएल शर्मा ने एडी हेल्थ को लिखित में शिकायत दी है। वहीं सीएमएस डॉ. डीपी शर्मा ने बताया कि तीन सदस्यीय जांच कमेटी में डॉ. राममनोहर, डॉ. एके गुप्ता और डॉ. वीपी भारद्वाज को शामिल किया गया है।