Bareilly News: गला रेतकर युवती की हत्या, हत्यारे का सुराग नहीं; मृतका की भी नहीं हो सकी पहचान
बरेली के कैंट इलाके में बुधवार को युवती का शव पड़ा मिला। गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और न ही कातिल का कोई सुराग लगा है। पुलिस जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में बुधवार दोपहर 22 वर्षीय युवती का शव कैंट के ठिरिया निजावत खां में आम के बाग में मिला। युवती का गला रेता गया था। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। आशंका है कि युवती की हत्या कहीं दूसरी जगह की गई और शव लाकर यहां फेंका गया। हालांकि अभी हत्यारे का सुराग नहीं लग सका है।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे कुछ लोगों ने बाग में युवती का शव देखा। कैंट पुलिस की सूचना पर एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवती पीले रंग का सूट पहने थी, जिस पर सफेद रंग के फूल-पत्ते बने थे। पैरों में बादामी रंग के मोजे थे। एक पैर में काला धागा बंधा था। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान के अनुसार डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। दुष्कर्म की आशंका के चलते स्लाइड भी बनाई जाएगी।
हत्या कहीं और शव फेंका कैंट इलाके में
कैंट क्षेत्र में युवती का शव मिलने के बाद डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पड़ताल की। घटनास्थल पर केवल उसी हिस्से में खून के निशान थे, जहां गले पर कट लगा था। जितना गला कटा था, उस लिहाज से काफी खून निकलना चाहिए था।
संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। इस लिहाज से लग रहा था कि शव को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया है। इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने वाहनों के टायर आदि के निशान भी खंगाले।
लापता नेहा के ससुरालियों को बैठाकर की पूछताछ
बदायूं की नेहा नाम की युवती बरेली से लापता है। कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज है। मंगलवार को उसके परिजनों ने ससुरालियों पर नेहा को गायब करने का आरोप लगाया था। कैंट में शव मिलने के बाद शोर मचा कि नेहा की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शव का फोटो नेहा के पिता को भेजा तो उन्होंने पहचानने से इन्कार कर दिया। इधर, कोतवाली प्रभारी डीके शर्मा ने नेहा के पति राहुल वार्ष्णेय व उसके परिजनों को बैठाकर पूछताछ की। चेतावनी दी कि नेहा के साथ कोई अनहोनी हुई तो वह बच नहीं पाएंगे।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि पहचान न होने से शव का पोस्टमॉर्टम अभी नहीं कराया है। पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल से होगा, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। युवती पूरे कपड़े पहने थी, फिर भी दुष्कर्म की आशंका में स्लाइड बनाई जाएगी। शव के फोटो आसपास के जिलों में भी भेजे गए हैं।