Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Fog slows down pace; light drizzle paves the way for colder weather

Bareilly News: कोहरे ने रोकी रफ्तार, बूंदाबांदी से खुली ठंड की राह

Mon, 16 Nov 2026 02:37 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Mon, 16 Nov 2026 02:37 AM IST
विज्ञापन
Fog slows down pace; light drizzle paves the way for colder weather
बरेली। मौसम का मिजाज रविवार सुबह अचानक बदल गया। सुबह घना कोहरा छाने से दृश्यता 50 मीटर तक दर्ज की गई। इस कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन रेंगते नजर आए। कोहरा छंटने के बाद बादल छा गए। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए घना कोहरा छाने और बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इससे ठंड बढ़ने के आसार हैं।
विज्ञापन


मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, रविवार को बारिश की वजह से दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शनिवार को यह 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अब भी हल्की बारिश हो सकती है।
विज्ञापन

अतुल के मुताबिक, नवंबर के दूसरे पखवाड़े में तापमान में प्रभावी गिरावट होगी। उत्तर-पश्चिमी हवा का प्रभाव बढ़ने से 16 से 18 नवंबर के बीच दिन और रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। तापमान के सामान्य से नीचे पहुंचने से ठंड में अचानक इजाफा होगा। कोहरे का प्रकोप भी बढ़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

बरतें एहतियात
जिला अस्पताल के डॉ. राहुल वाजपेई ने बताया कि मौसम के इस उतार-चढ़ाव से बच्चों, बुजुर्गों और विशेषकर सांस के मरीजों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में एहतियात बरतें। सुबह-शाम ज्यादा ठंड होने पर बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़ों के बिना बाहर न निकलने दें। सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उनको सुबह टहलने से बचना चाहिए, ताकि ठंडी हवा सीधे फेफड़ों तक न पहुंचे।



प्रदूषण हवा, सांसों को मिली संजीवनी
त्योहार के बाद शहरवासियों को वायु प्रदूषण से राहत मिली है। दिवाली पर आतिशबाजी और अन्य कारणों से शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगभग 250 तक पहुंच गया था। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। रविवार को बूंदाबांदी के बाद हवा की स्थिति में सुधार दर्ज किया गया है। बारिश के असर से हवा में मौजूद धूल के कण बैठ गए। इससे प्रदूषण का स्तर काफी कम हो गया। रविवार को रिकॉर्ड किए गए आंकड़ों के मुताबिक, सिविल लाइंस इलाके का एक्यूआई 75 और राजेंद्रनगर का 131 दर्ज किया गया।



रबी फसलों को होगा फायदा

नवंबर में मौसम के बदले मिजाज, हल्की बारिश और कोहरे ने जिले के किसानों को राहत के साथ थोड़ी चिंता भी दी है। संयुक्त निदेशक कृषि दुर्गविजय ने बताया कि गेहूं और सरसों जैसी रबी की मुख्य फसलों के लिए यह मौसम संजीवनी साबित हुआ है। चना और मटर के लिए यह प्राकृतिक टॉनिक की तरह है। इससे पैदावार बढ़ने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, जिन किसानों की धान की फसल अभी खेतों या खलिहानों में पड़ी है, उन्हें इस बारिश और नमी के कारण नुकसान उठाना पड़ सकता है। हरी सब्जियों की फसलों को भी इस मौसम से नुकसान हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed