UP News: बरेली में मालगाड़ी के वैगन में भड़की आग, फायर ब्रिगेड ने 50 मिनट में पाया काबू
बरेली में मालगाड़ी के एक वैगन में शनिवार सुबह आग भड़क गई। घटना बरेली के परसाखेड़ा के पास की बताई गई। जंक्शन पर मालगाड़ी को रोका गया। इसके बाद आग को बुझाया गया।
विस्तार
पश्चिम बंगाल जा रही मालगाड़ी के वैगन में शनिवार सुबह आग लग गई। बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के बीच रन थ्रू लाइन पर मालगाड़ी को रोककर वैगन अलग किया गया। जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों के सहयोग से अग्निशमन विभाग की टीम ने 50 मिनट में आग पर काबू पाया। इस दौरान जंक्शन पर अफरा-तफरी मची रही। आग लगने का कारण साफ नहीं हो सका है। जांच कमेटी बना दी गई है।
कंट्रोल रूम के जरिये शनिवार सुबह आठ बजे बरेली जंक्शन को सूचना दी गई कि 32 वैगन की मालगाड़ी के एक डिब्बे से परसाखेड़ा के पास धुआं उठते हुए देखा गया है। इसके बाद जंक्शन पर अलर्ट कर दिया गया। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दे दी गई। सुबह 8:20 बजे मालगाड़ी आउटर से जंक्शन यार्ड में दाखिल हुई। उसे प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के बीच रन थ्रू लाइन पर लिया गया। तब तक वैगन से लपटें उठने लगी थीं।
आग प्रचंड होने के कारण कैरिज एंड वैगन विभाग और शंटिंग स्टाफ ने प्रभावित वैगन को अलग कर अन्य वैगन को प्लेटफॉर्म से हटा दिया। आग पर पूरी तरह काबू पाने में 50 मिनट लगे। डीआरएम संग्रह मौर्य और सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने स्थानीय अधिकारियों से प्रारंभिक रिपोर्ट तलब की है। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि, वैगन में रखे सामान को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है।
यह भी पढ़ें- UP: यूपी के इस शहर में अब तक 63 अवैध कॉलोनियां ध्वस्त, प्लॉट-मकान खरीदने से पहले जरूर पता करें ये बात
सील से छेड़छाड़ की आशंका
सील वैगन में आग भड़कने को लेकर अधिकारी भी पसोपेश में हैं। उन्होंने सील के साथ छेड़छाड़ और हॉट एक्सल होने के कारण आग भड़कने की आशंका जताई है। कैरिज एंड वैगन विभाग की टीम जांच में जुट गई है।
हादसे की वजह को लेकर अटकलबाजी
मालगाड़ी के जिस वैगन में आग लगी, उसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ अन्य सामान भरा था। मालगाड़ी के इंजन और गार्ड केबिन के अलावा अन्य किसी वैगन में इलेक्ट्रॉनिक वायरिंग भी नहीं थी। इसके बावजूद आग भड़क उठी। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि कोच में सिगरेट या बीड़ी के कारण आग भड़की होगी। बरेली से पहले मालगाड़ी को मुरादाबाद और रामपुर स्टेशनों पर ठहराव दिया गया था। इस दौरान सभी वैगन सील बंद थे। ऐसे में सिगरेट और बीड़ी को लेकर भी संदेह है। आरपीएफ इंस्पेक्टर विनीता का कहना है कि जांच की जा रही है।
स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों ने अग्निशमन कर्मियों के सहयोग से मालगाड़ी के वैगन में लगी आग पर काबू पाया। इस कारण अप या डाउन लाइन की कोई गाड़ी प्रभावित नहीं हुई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.