{"_id":"6aa95598623c42ae3006ddf6","slug":"fir-registered-against-eight-people-for-creating-a-ruckus-and-blocking-the-road-in-bareilly-2026-09-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"बरेली: मृत गोवंश दफनाने से रोका, सड़क पर जाम लगाकर किया हंगामा, आठ नामजद और 25 अज्ञात पर रिपोर्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बरेली: मृत गोवंश दफनाने से रोका, सड़क पर जाम लगाकर किया हंगामा, आठ नामजद और 25 अज्ञात पर रिपोर्ट
Tue, 15 Sep 2026 08:26 PM IST
Mukesh Kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, अलीगंज (बरेली)
संवाद न्यूज एजेंसी, अलीगंज (बरेली)
Published by: Mukesh Kumar
Updated Tue, 15 Sep 2026 08:26 PM IST
सार
बरेली के अलीगंज क्षेत्र में सड़क पर जाम लगाकर हंगामा करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। तहरीर के आधार पर आठ नामजद और 20-25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव भजनई के पास सिरौली-अलीगंज मुख्य मार्ग पर मृत गोवंश को दफनाने को लेकर भीड़ ने भारी हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि कस्बे के दबंगों व असामाजिक तत्वों ने न सिर्फ मृत गोवंश को गड्ढे में दफनाने से रोका, बल्कि मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और ग्राम प्रशासक से 25 हजार रुपये रंगदारी मांगी। रंगदारी न मिलने पर आरोपी बवाल करने पर आमादा हो गए। घटना के संबंध में ग्राम प्रशासक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद के साथ 20 से 25 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, ग्राम पंचायत भजनई और आसपास के ग्रामीण इलाकों में वर्षों से मृत पशुओं को मुख्य सड़क के किनारे खाली स्थानों पर दफनाया जाता रहा है। हाल ही में किसी ग्रामीण का गोवंश मर गया, जिसे सड़क किनारे एक गहरी खाई में डाल दिया गया। इसी दौरान भारी बारिश के कारण खाई में जलभराव हो गया, जिससे मृत गोवंश का शव पानी में उतराने लगा। बदबू और संक्रमण की आशंका को देखते हुए ग्राम प्रशासक एवं संबंधित विकास खंड के अधिकारियों ने संज्ञान लिया और तत्काल जेसीबी मंगवाकर गोवंश का दफनाने की की प्रक्रिया शुरू कराई।
विज्ञापन
जेसीबी रोककर मुख्य मार्ग किया बंद
तहरीर के मुताबिक, जैसे ही जेसीबी से गड्ढा खोदकर गोवंश को दफनाने का कार्य शुरू किया गया, तभी अलीगंज कस्बे के कुछ असामाजिक तत्व 20 से 25 अज्ञात लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अपनी दबंगई दिखाते हुए कार्य को जबरन रुकवा दिया और अलीगंज–सिरौली मार्ग पर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। जब ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने रास्ता रोकने का कारण पूछा, तो आरोपियों ने कहा कि जब तक ग्राम प्रधान 25 हजार रुपये नहीं देंगे, तब तक यहां किसी भी सूरत में गोवंश को दफनाने नहीं दिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना अलीगंज पुलिस को दी।
विज्ञापन
ग्राम प्रशासक के पुत्र ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। इसके आधार पर पुलिस ने हर्ष गुप्ता, रितिक गुप्ता, नवीन ठाकुर, विकास शर्मा, सचिन शर्मा, प्रदीप गुप्ता, हिमांशु, अमन शर्मा और 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।