Bareilly News: आरपीएफ की महिला सब इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर; ये है मामला
कोर्ट के आदेश पर महिला सब इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला एक साल पुराना है। पीड़ित ने महिला सब इंस्पेक्टर और सिपाहियों पर बेवजह हिरासत में रखने, पीटने और वसूली करने का आरोप लगाया था।
विस्तार
बरेली में आरपीएफ की सब इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों के खिलाफ जीआरपी ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है। मामला एक साल पुराना है। महिला सब इंस्पेक्टर और सिपाहियों पर युवक को बेवजह हिरासत में रखने, पीटने और वसूली करने का आरोप लगाया गया है।
सुभाषनगर की राजीव कॉलोनी निवासी संजीव गुप्ता 30 सितंबर 2022 को तड़के तीन बजे जंक्शन पर लखनऊ से आ रहे अपने परिचित को लेने गए थे। यहां उनके भाई को आरपीएफ ने पकड़ लिया। वह आरपीएफ थाने पहुंचे। यहां महिला एसआई चांदनी मिलीं। भाई को पकड़कर थाने में बैठाने का कारण पूछने पर उन्होंने बताया कि उसके पास जंक्शन पर आने का कोई प्रमाण नहीं है। आरोप है कि भाई को छोड़ने के बदले उनसे दो हजार रुपये मांगे गए।
ये भी पढ़ें- UP: शाही में अब तीसरी महिला की हत्या, दरिंदगी के बाद फेंका शव... कत्ल का वही तरीका और पैरों तले मिटते रहे सबूत
थाने में बंदकर बुरी तरह पीटा
उस समय उनके पास रुपये नहीं थे। रुपये सुबह देने की बात कही तो सिपाही कुलदीप और जसविंदर ने अभद्रता कर दी। वह आरपीएफ थाने से चले आए। जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में अवैध रूप से लग रहे ठेले-खोमचों की वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान दोनों सिपाही आ गए। उनको पकड़ कर थाने ले गए। मोबाइल फोन छीन लिया और उनको थाने में बंद करके बुरी तरह पीटा। इससे वह घायल हो गए। उनके पास वैध प्लेटफार्म टिकट भी था।
उनके चाचा और भाई ने जमानत पर रिहा कराकर उनको अस्पताल में भर्ती कराया। ठीक होने के बाद उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी, लेकिन पुलिस या जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली।