बरेली: युवक की आत्महत्या के बाद थाने के बाहर शव रखकर किया प्रदर्शन, तीन नामजद समेत अज्ञात पर रिपोर्ट
फरीदपुर थाना पुलिस ने आत्महत्या करने वाले युवक के परिजनों पर मामला दर्ज किया है। इन पर 28 अगस्त को थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन का आरोप है। वहीं, परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फरीदपुर में आत्महत्या करने वाले युवक के परिजनों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इन पर 28 अगस्त को हुई आत्महत्या के बाद थाने के मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन करने वालों ने पुलिस पर अनावश्यक दबाव बनाया गया और सड़क पर आवागमन बाधित हुआ।
फरीदपुर के आनंद बिहार कॉलोनी निवासी रामकुमार ने 28 अगस्त को पुलिस को सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके पुत्र रंजीत ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक ने शव का पंचायतनामा भरा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया था।
पुलिस का आरोप है कि इसके बावजूद मृतक के परिजनों और अन्य सहयोगियों ने शव को फरीदपुर थाने के मुख्य मार्ग पर रख दिया। इससे सड़क पर आवागमन बाधित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने इसे अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास बताया है।
तीन नामजद समेत अज्ञात पर रिपोर्ट
कस्बा चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक जसवीर सिंह की तहरीर पर यह मामला दर्ज किया गया है। इसमें बीसलपुर रोड निवासी रामकुमार को नामजद किया गया है। शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा के रेहरा गांव निवासी रमेश और बरेली के भमोरा क्षेत्र के देवचरा गांव निवासी केसरी लाल भी नामजद अभियुक्तों में शामिल हैं। इनके अलावा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है। मामले की जांच उपनिरीक्षक तरुण कुमार को सौंपी गई है।
परिजनों ने पुलिस कार्यशैली पर उठाए सवाल
मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बजाय, उन पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि यह कदम आरोपियों को बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।