{"_id":"6a953601eb6de57d19002856","slug":"when-will-india-tour-bangladesh-tamim-iqbal-says-bcci-and-bcb-are-exploring-a-new-window-2026-08-31","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज कब खेलेगी टीम इंडिया?: तमीम इकबाल ने मामले पर तोड़ी चुप्पी; BCCI को लेकर कही यह बात","category":{"title":"Cricket","title_hn":"क्रिकेट","slug":"cricket"}}
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज कब खेलेगी टीम इंडिया?: तमीम इकबाल ने मामले पर तोड़ी चुप्पी; BCCI को लेकर कही यह बात
Mon, 31 Aug 2026 01:36 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ढाका
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ढाका
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Mon, 31 Aug 2026 01:36 PM IST
सार
भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं हो पाएगी। इसके बावजूद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा है कि सीरीज रद्द नहीं हुई है। दोनों बोर्ड नए विंडो की तलाश कर रहे हैं और लगातार बातचीत जारी है।
विज्ञापन
तमीम इकबाल
- फोटो : BCB
विस्तार
भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित क्रिकेट सीरीज को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है। अगस्त-सितंबर में प्रस्तावित तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज तय कार्यक्रम के मुताबिक होती नजर नहीं आ रही है। ऐसे में यह माना जा रहा था कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए सीरीज पूरी तरह रद्द हो सकती है। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि दोनों बोर्ड सीरीज के लिए नया विंडो तलाश रहे हैं।
विज्ञापन
'सीरीज रद्द होने का फैसला नहीं हुआ'
- तमीम इकबाल ने प्रसिद्ध स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म 'नॉट आउट नोमान' से बातचीत में कहा कि भारत के खिलाफ सीरीज नहीं होगी, ऐसा अभी तय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई और बीसीबी दोनों इस सीरीज को कराने को लेकर गंभीर हैं और तारीखों पर लगातार बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'यह तय नहीं हुआ है कि भारत के खिलाफ सीरीज नहीं होगी। अभी मैं आपको एक छोटी सी जानकारी देता हूं। दोनों बोर्ड इस बात को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं कि यह सीरीज हो।'
- तमीम ने कहा, 'बीसीसीआई और बीसीबी दोनों नए विंडो भी तलाश रहे हैं कि किस समय क्या किया जा सकता है। लगभग एक तारीख को लेकर भी हम सोच रहे हैं कि क्या इसे उस समय कराया जा सकता है या नहीं। अगर मुझे लगता कि इरादा नकारात्मक है, तो आज मैं आपसे यह नहीं कहता कि देखते हैं क्या होता है, हम आशावादी हैं। मैं यह शब्द भी नहीं कहता। इरादे पूरी तरह सकारात्मक हैं।'
- तमीम ने आगे कहा कि कुछ चीजें बोर्ड के नियंत्रण से बाहर हैं। उन्होंने कहा, 'कुछ चीजें हमारे नियंत्रण से बाहर हैं। और बीसीबी अध्यक्ष के तौर पर मैं उस सीमा को कभी पार नहीं करना चाहता। लेकिन इरादे अच्छे हैं, हम लगातार संपर्क में हैं। तारीखों पर भी विचार किया जा रहा है, क्योंकि बांग्लादेश भी व्यस्त है और भारत भी व्यस्त है। बांग्लादेश के बीच में तीन सीरीज हैं। भारत और बीसीसीआई भी अपने मैचों में बहुत व्यस्त हैं। लेकिन इसको लेकर हमारी नियमित बातचीत हो रही है।'
विज्ञापन
विज्ञापन
'BPL फिक्सिंग में और नाम सामने आएंगे'
तमीम ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग से जुड़े फिक्सिंग मामलों पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है और आने वाले दिनों में चार-पांच और नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हम पहले ही एक प्रेस रिलीज जारी कर चार-पांच लोगों का जिक्र कर चुके हैं। चार-पांच और नाम सामने आएंगे। यहां ईमानदारी का मुद्दा है। वकील अभी इसे देख रहे हैं। जब हमें वकील से हरी झंडी मिलेगी, तो हम प्रेस रिलीज के जरिए इसका खुलासा करेंगे।'
तमीम ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग से जुड़े फिक्सिंग मामलों पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है और आने वाले दिनों में चार-पांच और नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हम पहले ही एक प्रेस रिलीज जारी कर चार-पांच लोगों का जिक्र कर चुके हैं। चार-पांच और नाम सामने आएंगे। यहां ईमानदारी का मुद्दा है। वकील अभी इसे देख रहे हैं। जब हमें वकील से हरी झंडी मिलेगी, तो हम प्रेस रिलीज के जरिए इसका खुलासा करेंगे।'
टी20 विश्व कप को लेकर भी बोले तमीम
- तमीम ने पिछले टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की गैरमौजूदगी पर भी अपनी राय रखी। उनका मानना है कि बांग्लादेश इस मामले में बेहतर तरीके से बातचीत कर सकता था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टी20 विश्व कप में हिस्सा नहीं लिया था। यह मामला मुस्तफिजुर रहमान को 2026 आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से रिलीज किए जाने के बाद और गर्माया था।
- तमीम ने कहा, 'मुझे लगता है कि हम इस मामले में बेहतर तरीके से बातचीत कर सकते थे। देखिए, मुस्तफिजुर का मामला जाहिर तौर पर ऐसी चीज थी, जिससे पूरा देश निराश था। और आज भी मैं यही कहता हूं, जैसा मैंने उस दिन कहा था, ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था। यह किसी भी तरह से सही चीज नहीं थी, ऐसा कभी नहीं किया जाना चाहिए था। उस समय मैंने इसका समर्थन किया था और आज भी मैं यही कह रहा हूं। लेकिन हम विश्व कप खेलने जा रहे थे।'
- उन्होंने आगे कहा, 'जब हमने पहली बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया था, तो बांग्लादेश के हर व्यक्ति ने जश्न मनाया था। हो सकता है कि अब टी20 विश्व कप हर दो साल में हो या हर चार साल में, लेकिन यह विश्व कप है, जिसमें बांग्लादेश प्रतिनिधित्व करने वाला था। इसलिए मुझे लगता है कि हम इस मामले को बेहतर तरीके से संभाल सकते थे। शुरुआत से ही हम एक ऐसे बिंदु पर पहुंच गए थे, जहां वापसी मुश्किल हो गई थी।'
'बहुत कुछ कहूं तो आप हैरान हो जाएंगे'
- तमीम ने कहा कि बातचीत के दौरान कई ऐसी बातें हुईं, जिन्हें वह सार्वजनिक नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, 'मैं यह कह रहा हूं क्योंकि अब मैं आईसीसी में हूं। मैं बीसीबी की वजह से आईसीसी का सदस्य हूं। उन बातचीत के दौरान बहुत सी बातें कही और की गईं, जिन्हें अगर मैं सार्वजनिक कर दूं तो आप हैरान हो जाएंगे। मैं उन्हें सार्वजनिक नहीं कर सकता, क्योंकि मुझे उस सम्मान को बनाए रखना है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि क्या-क्या बातें कही गईं, लेकिन इस चर्चा में नहीं जाना चाहिए।'
- उन्होंने यह भी कहा कि खेल को राजनीति से अलग रखना चाहिए। तमीम ने कहा, 'कुछ मामलों में खेल को खेल ही रहने देना चाहिए। दुर्भाग्य से हम कभी-कभी इस सीमा के भीतर नहीं रहते और खेल को दूसरे पहलुओं के साथ जोड़ देते हैं। जब भी यह विषय आता है, मैं फिर यही कहता हूं कि हमें निश्चित रूप से विश्व कप खेलना चाहिए था। हमें निश्चित रूप से बातचीत बेहतर तरीके से करनी चाहिए थी। और बस, मैं बहुत सी बातें नहीं कह सकता, हालांकि मैं उन्हें जानता हूं।'